Wednesday, June 17, 2026
Newspaper and Magzine


पंचायत चुनाव अपडेट

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE Elections , at October 8, 2022 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT : 8 अक्तूबर। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील सारवान ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी दिनों में होने वाले जिला परिषद एवं पंचायत चुनावों के लिए 14 से 19 अक्तुबर तक नामांकन दाखिल किये जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि 20 अक्तुबर को नामांकन पत्रों की छंटनी की जायेगी और 21 अक्तुबर को नामांकन वापिस लिये जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य चुनाव के दिशानिर्देशों अनुसार पंच पद के प्रत्याशी के लिए चुनाव ख़र्च की सीमा राशि पचास हजार रुपये, सरपंच पद के उम्मीदवार के लिए चुनाव खर्च सीमा राशि दो लाख रुपये रहेगी। इसी कड़ी में ब्लॉक समिति सदस्य पद के लिए चुनाव ख़र्च की सीमा राशि तीन लाख साठ हजार रुपये और जिला परिषद सदस्य के लिए 6 लाख रुपये सीमा राशि रहेगी।

जमानत राशि में भी हुई बढ़ोतरी

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत चुनाव में उम्मीदवारों की जमानत राशि में भी राज्य चुनाव आयोग द्वारा बढोतरी की गई है। उन्होंने बताया कि पंच से लेकर सरपंच व जिला परिषद सदस्यों को नामांकन के दौरान इस बार पिछले चुनाव की तुलना में चार गुणा जमानत राशि जमा करानी होगी। इस बार पंच पद के सामान्य वर्ग के उम्मीदवार को 250 रुपये जमा करने होंगे, जबकि महिला, अनुसूचित वर्ग और पिछड़ा वर्ग को 125 रुपये जमानत राशि के रूप में देने होंगे। सरपंच पद के सामान्य वर्ग के उम्मीदवार को 200 रुपये की जगह 500 रुपये और आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों के 100 रुपये की जगह 250 रुपये जमा कराने होंगे।

Comments