पीआरपीसी में विश्व गुणवत्ता दिवस-2022 बड़े उत्साह से मनाया गया
BOL PANIPAT : 11 नवम्बर, 2022, पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) ने “गुणवत्ता के नैतिक मानक: युक्तिसंगत कार्य ” विषय पर विश्व गुणवत्ता दिवस मनाया। सत्र का उद्घाटन जॉयदीप चौधरी, मुख्य-महाप्रबंधक (परियोजना) ने मुख्य-महाप्रबंधकगण, महाप्रबंधकगण, गुणवत्ता नियंत्रण विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में किया।
इस अवसर पर बोलते हुए, चौधरी ने विश्व गुणवत्ता दिवस को उत्साह से मनाने के लिए गुणवत्ता नियंत्रण विभाग के अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि यह दिन हमें उन सभी गुणवत्ता पेशेवरों की सराहना करने की याद दिलाता है जो लगातार सर्वोत्तम गुणवत्ता वाले उत्पाद देने और कंपनी में गुणवत्ता जागरूकता के स्तर को बढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक कर्मचारी का कार्य विभिन्न पहलुओं के माध्यम से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से गुणवत्ता और गुणवत्ता प्रबंधन में लगातार सुधार करना है। उन्होंने आह्वान किया कि हम सब इस एक दिन को ही केवल उच्च गुणवत्ता मानकों पर खुशी मनाने और विचार-विमर्श करने के लिए समर्पित न करें, बल्कि अपने पूरे कार्यकाल के दौरान पूरे दिल से खुद को गुणवत्ता मानकों के सुधार हेतु समर्पित करें।
इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए उत्पल डेका, मुख्य-महाप्रबंधक (तक. से. ) ने जोर देकर कहा कि हमें अपने उत्पादों की सर्वोत्तम गुणवत्ता बनाए रखना बहुत जरूरी है ताकि इंडियन ऑयल की ब्रांड छवि हमेशा की तरह नई ऊंचाइयों को छूती रहे। इसलिए, हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि काम हमेशा सही तरीके से किया जाना चाहिए जिससे सदा उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों का ही उत्पादन हो। उन्होंने हमेशा अपेक्षित गुणवत्ता मानकों के अनुसार सर्वोत्तम गुणवत्ता वाले उत्पादों का उत्पादन करने के लिए पीआरपीसी की गुणवत्ता नियंत्रण टीम द्वारा किए जा रहे ईमानदार प्रयासों की सराहना की।
इससे पहले, डॉ. वाई.एस झाला, मुख्य-प्रबंधक (गुणवत्ता नियंत्रण) ने सभी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान गुणवत्ता के विषय और महत्व पर एक वीडियो फिल्म भी दिखाई गई।

Comments