पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स ने उत्साह के साथ 74वां संविधान दिवस मनाया
BOL PANIPAT :- 26 नवम्बर, 2023, पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) ने आज सुबह 74वाँ संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एम. एल. डहरिया , कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी ने इंडियन ऑयल के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में भारत के संविधान की प्रस्तावना पढ़ी।
इस अवसर पर पीआरपीसी परिवार को संबोधित करते हुए डहरिया ने विश्व के सबसे विस्तृत एवं लिखित संविधान जिसे भारत का सर्वोच्च कानून माना जाता है की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डाला। इसके अलावा उन्होंने भारत के संविधान के महत्व एवं उपयोगिता को भी उल्लेखित किया। डहरिया ने डॉ भीम राव अंबेडकर के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए कहा कि संविधान निर्माण में उनके योगदान को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता । उन्होंने हमारे संविधान में निहित नागरिक एवं मौलिक कर्तव्यों पर भी प्रकाश डालते हुए इनका ईमानदारी और सच्ची भावना से पालन करने का अनुरोध किया तथा दूसरों से भी इन कर्तव्यों की पालना करवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आगे कहा कि हमारा महान संविधान भाईचारे की भावना को बढ़ावा देता है और देश के सभी लोगों के पूर्ण विकास का मार्ग प्रशस्त करता है। अत: हम सभी को भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा रखते हुए एवं सम्मान करना चाहिए और हमारे संविधान में निहित विशेषकर मौलिक कर्तव्यों का अक्षरशः व निष्ठा से पालन करना चाहिए। इस अवसर पर डहरिया ने स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धापूर्वक याद किया और भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनके महान योगदान के बारे में विस्तार से बताया। अंत में कार्यक्रम को कार्बन न्यूट्रल बनाने के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया जिसमें श्री डहरिया ने पीआरपीसी की मिनी स्मार्ट सिटी में वृक्षारोपण किया।

इससे पहले कार्यक्रम में विवेक नारायण, महाप्रबन्धक (कर्मचारी सेवाएँ) ने एक प्रस्तुति के माध्यम से संविधान में दर्शाए गए मौलिक कर्तव्यों का एवं इसकी प्रमुख धारणाओं के बारे में बताते हुए इनका ईमानदारी से पालन करने का आग्रह किया एवं देश की निस्वार्थ सेवा करने के लिए के लिए प्रेरित किया ।
इसके अलावा आज सांयकाल में पीआरपीसी का प्रबंधन इंडियन ऑयल पानीपत एससी/एसटी इम्प्लाईज वेलफेयर एसोसिऐशन (आईपीसेवा) के सहयोग से एक और भव्य कार्यक्रम के आयोजन करने जा रही है जिसमें कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय के विधि विभाग से डॉक्टर अजीत सिंह चहल, विशिष्ट अतिथि के रूप में भी उपस्थित रहेंगे और अपने बहुमूल्य विचार रखेंगे।

Comments