पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी मैच एवं साइकिल रैली आयोजित
खेल दिवस पर हॉकी स्टार उदिता दुहान और द ग्रेट खली ने बच्चों को खेलों के लिए किया प्रेरित
BOL PANIPAT :- 30 अगस्त , 2026 : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पानीपत रिफाइनरी में खेल भावना और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके भारतीय खेलों में अमूल्य योगदान को नमन किया गया और 29 अगस्त को मैत्रीपूर्ण हॉकी मैच और 30 अगस्त को साइकिल रैली आयोजित की ।
29 अगस्त को रिफाइनरी टाउनशिप स्थित हॉकी ग्राउंड में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाने वाली प्रख्यात हॉकी खिलाड़ी उदिता दुहान तथा विश्वविख्यात पहलवान एवं खेल जगत के प्रेरणास्रोत द ग्रेट खली को आमंत्रित कर उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धियों और खेल के प्रति समर्पण को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया गया।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक व रिफाइनरी प्रमुख एम एल डहरिया ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि वे बच्चों और युवाओं में अनुशासन, धैर्य, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के लिए भी पर्याप्त समय और प्रोत्साहन दें तथा उनकी खेल प्रतिभा को पहचानकर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करें।
इस अवसर पर उदिता ने सभी बच्चों को खेल के प्रति अपने लगाव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि देश के लिए खेलना और जीतना हर खिलाड़ी का सपना होता है। द ग्रेट खली से मिलकर सभी बच्चे और टाउनशिप निवासी बहुत उत्साहित थे । खली ने अपने संबोधन में बच्चों को अच्छा खाने और स्वस्थ जीवन अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जब हम अच्छा खाएंगेज अच्छा सोचेंगे तभी देश के सम्मान को बढ़ाएंगे । इन खेल सितारो के ऑटोग्राफ और उनके साथ फोटो लेने के लिए सभी दर्शक बड़े उत्सुक और उत्साही रहे ।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर दिल्ली पब्लिक स्कूल और आर्या स्कूल की टीमों के बीच मैत्रीपूर्ण हॉकी मैच का भी आयोजन किया गया। मैच का उद्देश्य हार-जीत से अधिक बच्चों में खेलों के प्रति प्रेम, उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा। दिनांक 30 अगस्त को टाउनशिप में साइकिल रैली का आयोजन किया गया जिसमें हर उम्र के लोगों ने सहभागिता की और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और बच्चों को खेलों से जोड़ते हुए उन्हें देश के लिए गौरव हासिल करने हेतु प्रेरित किया गया।

Comments