अवैध देसी पिस्तौल सहित आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT : 19 नवम्बर 2022, सीआईए थ्री पुलिस की टीम ने जीटी रोड महावटी मोड़ पर एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सतीश निवासी महावटी पानीपत के रूप में हुई है।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर अंकित ने बताया कि उनकी टीम शुक्रवार को गश्त के दौरान गांव पट्टीकल्याणा के नजदीक मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध किस्म का एक युवक जीटी रोड महावटी मोड़ पर खड़ा है। युवक के पास अवैध हथियार होने की संभावना है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दंबिस दे आरोपी युवक को काबू कर तलाशी ली तो पहनी हुई जैकेट की जेब से एक अवैध देसी पिस्तौल 32 बोर बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सतीश पुत्र राजपाल निवासी गांव महावटी पानीपत के रूप में बताई।
इंस्पेक्टर अंकित ने बताया आरोपी सतीश के खिलाफ थाना समालखा में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गहनता से पूछताछ की तो आरोपी से खुलासा हुआ कि वह उक्त अवैध देसी पिस्तौल को वर्ष 2020 में कैराना यूपी में एक अज्ञात युवक से 25 हजार रूपए में खरीद कर लाया था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2018 में थाना समालखा में दर्ज जानलेवा हमलें के एक मुकदमें में वह पानीपत जेल में बंद था। वर्ष 2020 में वह जेल से बेल पर बाहर आया था। दूसरे पक्ष से डरते हुए वह उक्त देसी पिस्तौल को साथ लेकर चलने लगा।
पुलिस टीम ने आरोपी सतीश को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments