Thursday, April 23, 2026
Newspaper and Magzine


गरिमामय तरीके से मनाया गया आई.बी.शिक्षण संस्थानों का 112 वां वार्षिकोत्सव

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at November 26, 2022 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT :

ब्रह्मा से कुछ लिखा भाग्य में, मानव नहीं लाया

उसने अपना सुख अपने, भुज बल से ही पाया है।

भारतीय धर्म साधना में वर्णित अमरत्व के सिद्धांत को व्यक्ति अपने श्रेष्ठ कर्मों से ही प्रमाणित करता है जैसे “सूरज को दीया दिखाने की जरूरत नहीं होती उसी तरह महान हस्तियाँ परिचय की मोहताज नहीं होती”। ऐसे ही थे ‘सेठ इन्द्र भान ढींगड़ा जी’, आई. बी. एल. परिवार अत्यन्त खुशनसीब है जिन्होंने ‘ इन्द्र भान ढींगड़ा जी’ जैसे सन्त का आशीर्वाद ग्रहण करने का सुनहरी मौका प्राप्त किया है। विद्यालय की उन्नति इन्द्र भान की उदारता और सेवा भाव को प्रतिबिंबित करती है। लैय्या बिरादरी द्वारा संचालित आई.बी. शिक्षण संस्थानों का 112 वां वार्षिकोत्सव आज आई. बी. एल. पब्लिक स्कूल प्रांगण में बड़े ही गरिमामय तरीके से मनाया गया ! कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पानीपत ग्रामीण विधायक श्री महिपाल ढांडा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में इनमास-डीआरडीओ के प्रख्यात वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ० सुधीर चांदना ने व जाने माने उद्योगपति और समाजसेवी वेद पालीवाल ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ आई. बी. कॉलेज के प्रांगण में हवन आहुति द्वारा किया गया व् तत्पश्चात शिक्षण संस्थानों को आरम्भ करने वाले व अपना बहुमूल्य योगदान देने वाले लैय्या समाज के दिवंगत समाजसेवियों को माल्यार्पण किया गया । इस अवसर पर संस्था के प्रधान धर्मवीर बतरा , उप प्रधान परमवीर ढींगड़ा , सचिव रवि गोसाई , कोषाध्यक्ष मोहन लाल अघ्घी , शिक्षण संस्थानों के उप प्रधान बलराम नंदवानी , कार्यकारिणी सदस्‍य एल एन मिगलानी , रमेश नागपाल, स्‍कूल प्रबंधक युधिष्ठिर नागपाल , विपुल नागपाल , अशोक मिगलानी , राधेश्याम खुंगर , भीम सेतिया , शानू लाल अघ्‍घी आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

विद्यालय के नन्हे मुन्ने बच्चों द्वारा आए हुए अतिथियों का रोली चंदन का तिलक लगा कर उनका सम्मान किया गया व सम्मानित मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की गई। आई. बी. संस्था के सचिव श्री रवि गोसाई ने शिक्षण संस्था की तरफ से आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। आई. बी. कॉलेज के प्राचार्य अजय गर्ग ने कॉलेज का वार्षिक प्रतिवेदन तथा प्रधानाचार्या जय श्री गर्ग ने आई. बी. स्कूल का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। दोनों ने भी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दी और कहा कि हमारी शिक्षण संस्थाएं शिक्षा के क्षेत्र के साथ-साथ बहुविध गतिविधियों के लिए हमेशा तत्पर है जिसके कारण विद्यार्थी प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में आई. बी. एल. पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, इंद्रभान की जीवनगाथा नाटक के रूप में,योगा नृत्य, रैटरो नृत्य तथा भांगड़ा पर अपनी प्रस्तुति दी तथा आई. बी. कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा रसिया नृत्‍य, सामूहिक गान, हरियाणवी नृत्य द्वारा सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा संस्था के संस्थापक स्व. श्री इन्दरभान ढींगड़ा जी के जीवन चरित्र को एक शानदार भावमयी लघु नाटिका के माध्यम से प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भाव विभोर एवं भावुक कर दिया।

आई. बी. संस्थान के सदस्यों द्वारा आई. बी. कॉलेज के 58 तथा आई. बी. (एल) पब्लिक स्कूल के 49 विद्यार्थियों को शैक्षणिक व अन्‍य गतिविधियों के लिए पुरस्कृत किया गया। दोनों शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों के सार्थक प्रयासों की मुख्‍य अतिथियों द्वारा व प्रबंधन समितियों के सदस्यों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। दोनों शिक्षण संस्‍थानों के ऐसे श्रेष्‍ठ सभी छात्र-छात्राओं व शतप्रतिशत परिणाम देने वाले सभी अध्यापकों को इस अवसर पर प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर उत्साहवर्धन किया गया। अबेकस वैदिक मैथ में कौन बनेगा चैंपियन प्रतियोगिता में आई. बी. पब्लिक स्‍कूल के 9 विद्यार्थी विजेता रहे। जिसमें प्रथम स्‍थान दूसरी कक्षा की जया ने को एल.ई.डी. टी.वी. तथा द्वितीय स्थान पर राध्‍या, गनिशा तथा भूमिका को 1100 का नकद इनाम तथा तृतीय स्थान पर वनिका, तनिशा, मंयक, प्रिंस, डेजी को शील्‍ड देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आई. बी. सोसाइटी द्वारा उनके शिक्षण संस्थानों में कार्यरत के सराहनीय योगदान के हेतु कालेज के प्राचार्य डॉ अजय गर्ग प्रो पी के नरूला डॉ मोहम्‍मद इशाक, कार्यालय अधीक्षक बृज भूषण एवं आई. बी पब्लिक स्‍कूल के प्रशासनिक अधिकारी गोबिंद कालड़ा को प्रशस्ति पत्र , दोशाला व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि महिपाल ढांडा ने आई. बी. संस्थानों के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि आई. बी. संस्‍था के सभी सदस्य गण तथा दोनों संस्थाओं के प्रधानाचार्य, शिक्षक वर्ग तथा अभिभावक वर्ग को बधाई दी और उन्होंने बच्चों से कहा की हताश न होना निराश न होना, जो भी काम करना प्रेम से तथा मन लगा कर करना।

विशिष्‍ट अतिथि डॉ० सुधीर चांदना ने अध्यापकों व बच्चों को उल्‍लेखित करते हुए कहा कि

मैं स्वयं आई. बी. स्‍कूल का विद्यार्थी रहा हूं उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आप जो भी काम करें लगन और प्रेम से करें। उन्होंने कॉलेज और स्‍कूल के विद्यार्थियों को अपने संस्थान और अनुसंधान शालाओं में आमंत्रित किया तथा वहाँ के शोध कार्य देखने को कहा। उन्होंने यह भी बताया कि कोविड के समय में उनका तथा उनके साथियों का अथक परिश्रम सफल रहा। अंत में उन्होंने संस्‍था के सदस्‍यों कॉलेज के तथा स्‍कूल के प्रधानाचार्यों, अध्‍यापकों तथा बच्‍चों को शुभकामना दी।

पानीपत शहर के जाने माने उद्योगपति एवं समाजसेवी वेद पालीवाल ने संस्‍था के सभी सदस्यों को स्थापना दिवस की बधाई दी तथा बच्‍चों को आशीर्वाद दिया।

संस्था के प्रधान धर्मवीर बतरा ने पंडाल में आए हुए सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया तथा धन्यवाद दिया और दीपक की महिमा बताते हुए कहा कि दीपक का काम अंधेरे को प्रकाश में उजागर करना है और उसकी संजीवनी बूटी है उसका तेल जो अँधेरे को जलाकर अंत तक प्रकाश फैलाता है। हमें दीपक से प्रेरणा लेनी चाहिए कि हम दीपक की तरह जलकर ही अपने लक्ष्य को पा सकते हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान तथा प्रीतिभोज के साथ हुआ।

मंच का संचालन कुमारी शिल्‍पी एवं मान्‍या ने किया।

Comments