Monday, June 1, 2026
Newspaper and Magzine


विद्या भारती मॉडर्न स्कूल में उत्साहपूर्वक मनाया गया स्वतन्त्रता दिवस

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at August 15, 2022 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 15 अगस्त 2022 :- विद्या भारती मॉडर्न स्कूल के तत्वावधान में आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आजादी का अमृत महोत्सव खादी आश्रम, जी.टी. रोड़, पानीपत में बड़ी धूमधाम एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर निर्मल दत्त द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल का स्टाफ, विद्यार्थी, खादी एवं रचनात्मक संस्थाओं के अनेक कार्यकर्ता तथा पदाधिकारी उपस्थित थे।

विद्या भारती मॉडर्न स्कूल, पानीपत की डायरेक्टर एवं भारतीय खादी ग्रामोद्योग संघ उत्तरी क्षेत्र, पानीपत की मन्त्री तथा खादी आश्रम पानीपत एवं पानीपत नागरिक मंच की अध्यक्षा निर्मल दत्त ने इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि आज हम आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर जश्न मना रहे हैं। बहुत लम्बे संघर्ष के बाद देशभक्तों के बलिदान और त्याग के कारण ही हमें स्वतन्त्रता मिली और अपना संविधान पारित करने का तथा कानून बनाने का अधिकार मिला। उन्होंने कहा कि स्वतन्त्रता प्राप्ति के पश्चात भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू ने सर्वप्रथम दिल्ली स्थित लाल किले की प्राचीर से स्वतन्त्रता दिवस के शुभ अवसर पर ध्वजारोहण किया था और तब से लेकर आज तक लाल किले की इस प्राचीर पर प्रतिवर्ष भारत के प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने की प्रथा है। उन्होंने आगे कहा कि हमारी सभ्यता जब चर्मोत्कर्ष पर थी तो उस समय युरोप की सभ्यता अपनी प्रारम्भिक अवस्था में थी। इसके पश्चात भी हमारी इतनी महान सभ्यता क्यों नष्ट हुई और क्यों हम सदियों तक गुलाम रहे उसका मुख्य कारण यह था कि जाति-पाति के आधार पर और साम्प्रदायिकता के आधार पर हमारा देश परस्पर बंटा हुआ था। उन्होंने आगे जानकारी दी कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने जब देश का नेतृत्व संभाला तो उन्होंने सबसे पहले जातिवाद, साम्प्रदायिकता और छूआछूत तथा अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरूद्ध संघर्ष किया और सारे देश को कन्याकुमारी से काश्मीर तक एक सूत्र में पिरोया और इसके बाद ही उन्होंने सत्याग्रह प्रारम्भ किया।

दत्त ने आगे बताया कि हमारे राष्ट्रीय झण्डे में जो केसरिया रंग है वह देश की आजादी में शहीद हुए वीरों की वीरता का प्रतीक है, सफेद रंग सत्य का एवं अनेकता में एकता का प्रतीक है, हरा रंग हरियाली एवं स्मृद्धि का प्रतीक है तथा राष्ट्रीय झण्डे में बना अशोक चक्र धर्म का प्रतीक है।

इसके पश्चात निर्मल दत्त ने राष्ट्रीय स्वतन्त्रता, एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन अर्पित करने तथा अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने की प्रतिज्ञा भी दिलवाई।

Comments