‘सिविल सोसायटी हरियाणा’ के द्वारा ‘नफरत छोड़ो-भारत जोड़ो यात्रा’ के संबंध में सभा का आयोजन किया गया
BOL PANIPAT : 28 दिसम्बर, 2022ः- ‘सिविल सोसायटी हरियाणा’ के द्वारा ‘नफरत छोड़ो-भारत जोड़ो यात्रा’ के संबंध में खादी आश्रम, जी.टी. रोड, पानीपत में एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा प्रदेश के विभिन्न संगठनों के 80 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस सभा की अध्यक्षता स्वराज इण्डिया मंच के अध्यक्ष योगेन्द्र यादव ने की।
योगेन्द्र यादव द्वारा इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि यह यात्रा दिनांक 06.01.2023 को उत्तर प्रदेश के कैराना रास्ते से हरियाणा में प्रवेश करेगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा किसी राजनीतिक दल की नहीं है बल्कि समाज के हर वर्ग की है। आज के युग में इस यात्रा का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है कि आज देश में जो राजनैतिक माहौल बना है जिसके कारण देश का हर वर्ग अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है तथा मीडिया को भी इस माहौल को खराब करने में एक बड़ा योगदान है, जो कि सोची-समझी साजिश के तहत देश में नफरत का जहर घोल रहा है। यह यात्रा इसी नफरत के जहर को खत्म करने के लिए, मोहब्बत का पैगाम जन-जन तक पहुंचाने के लिए शुरू की गई है।
खादी आश्रम, पानीपत की अध्यक्षा निर्मल दत्त द्वारा इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि वर्तमान में देश के जो हालात हैं उसको दृष्टिगत रखते हुए इस यात्रा का महत्व और भी अधिक बढ़ जाता है, आज देश में झूठ एवं नफरत का जाल बिछा हुआ है, सत्ता का राजनैतिक फायदे के लिए दुरूपयोग किया जा रहा है, देश में जाति व धर्म के नाम पर राजनीति की जा रही है इसलिए पूरे राष्ट्र में सदभाव व भाईचारे का संदेश देना ही इस यात्रा का मुख्य उदेश्य है।
सुरेन्द्र सिंह दहिया, समाजसेवी, सोनीपत ने बोलते हुए कहा कि आज भारत जोड़ो यात्रा की जरूरत इसलिए पड़ी क्योंकि आज का राजनैतिक माहौल और मीडिया द्वारा दुष्प्रचार के माध्यम से फैलाये जा रहे झूठ का सीधा असर हमारे राष्ट्र व समाज पर पड़ रहा है। आज की राजनीति समाज को धर्म व जाति के नाम पर बांटने की हो रही है। शिक्षा का स्तर गिरता जा रहा है। आज कि युवा पीढ़ी अगर अच्छी शिक्षा ग्रहण नहीं कर सकेगी तो हमारा राष्ट्र व समाज कैसे जागरूक होगा। अच्छी शिक्षा से हम अच्छे समाज का ढांचा खड़ा कर सकते हैं। इसलिए इस यात्रा का मुख्य उदेश्य यही है कि राष्ट्र को जाति व धर्म के नाम पर जिन लोगों द्वारा बांटा जा रहा है उनका मुकाबला किया जा सके, नफरत का माहौल खत्म हो सके।
सुरेन्द्र पाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस यात्रा में सम्पूर्ण हरियाणा की भागीदारी हो, ऐसी व्यवस्था के लिए प्रदेश के हर जिले के लिए जिला प्रभारी की नियुक्ति की गई है। प्रत्येक जिला प्रभारी हर जिले में इस यात्रा की तैयारी की रूपरेखा बनाऐंगे तथा प्रत्येक जिले में यह कोशिश रहेगी कि इस यात्रा से युवा वर्ग को जोड़ा जाए, इसके लिए एक टीम का गठन किया गया ताकि शिक्षण संस्थानों में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों को भी इस यात्रा के महत्व की जानकारी मिल सके। प्रदेशभर के जिला प्रभारी हर जिले में यात्रा के संबंध मंे एक बैठक बुलाकर जिले के सभी संगठनों को भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर कुरूक्षेत्र से प्रो. सुभाष, नरवाना से किसान नेता होशियार सिंह, टोहाना से अंकित, हिसार से अजमेर खण्डा, कैथल से गौरव शर्मा तथा सुरेन्द्र, महेन्द्रगढ़ से संदीप, यमुनानगर से हरिनरायण शर्मा, पंचकूला से राजूराम गौतम व शालिनी, पानीपत से सरोजबाला गुर आदि ने भी अपने-2 विचार रखंे।

Comments