दोनो सांसदों ने उठाई कुराना गांव के साथ-साथ अन्य गांवों के विकास कार्यों की पुरजोर मांग।
BOL PANIPAT : 5 फरवरी। रविवार को जगतगुरु ब्रह्मानंद गौशाला समिति कुराना के वार्षिक उत्सव में राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार और करनाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय भाटिया ने न केवल कुराना गांव बल्कि आसपास के क्षेत्र की मांगों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष पुरजोर तरीके से उठाया।

राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री 36 बिरादरी को साथ लेकर काम कर रहे हैं और सम्मान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोगों के प्रति सेवा भाव रखते हैं। मुख्यमंत्री ने गौ सेवा आयोग बना कर इसके चेयरमैन और सदस्यों की जो नियुक्ति की है उससे गौशालाओं को बहुत बड़ा बल मिला है। गौशालाओं को समय पर चारा मिल सके इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा अनुदान दिया गया है। यहां तक कि कोई भी अगर गौ तस्करी करता है तो उसे 10 साल की सजा का प्रावधान भी किया गया है और जिस गाड़ी में पशुओं की तस्करी की जाती है उस गाड़ी को भी जप्त किया जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष गांव कुराना से संबंधित अनेक मांगों को रखते हुए उन से अनुरोध किया कि इन मांगों की फिजीबिलिटी चेक करा कर इन्हें सिरे चढ़ाया जाए। उन्होंने इस मौके पर गौशाला समिति को 11 लाख रुपए देने की भी घोषणा की।

करनाल लोकसभा सांसद संजय भाटिया ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि कुराना गांव में जो 500 एकड़ का जो जंगल है इसमें से भूमि को गौचरण के लिए भी रखा जाए। उन्होंने कहा कि आपने जिस तरह से गौ सेवा आयोग बनाकर काम किया है यह एक बहुत अच्छा नेक कार्य है। उन्होंने यमुना की तलहटी से उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले बेसहारा गोवंश की समस्या को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा और कहा कि इनसे यमुना की तलहटी से लगने वाले जिला के अनेक गांव की फसलें काफी खराब हो रही है इस बारे में भी संज्ञान लिया जाए। सांसद संजय भाटिया ने गांव सींक, अहर, नैन, छिछड़ाना, मांडी, ऐंचरा खुर्द, कालखा, लाखु बुआना इत्यादि गांव से प्राप्त मांगों और समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने अपनी सांसद निधि से गौशाला को 11 लाख रुपए देने की घोषणा की।
रोहतक लोकसभा से सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि गौ सेवा करने का फल माता-पिता की सेवा करने के फल के बराबर है उन्होंने कहा कि यह पूरा इलाका सेवा भाव रखता है। अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के संदर्भ में जय जवान- जय किसान और जय पहलवान का नारा दिया है क्योंकि यहां के खिलाडिय़ों ने देश व प्रदेश का नाम ज्यादा से ज्यादा किया है।
पानीपत ग्रामीण के विधायक महिपाल ढांडा ने कहा की उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक गर्ग का पूरा परिवार सेवा भाव रखने वाला परिवार है। इनका परिवार पूरे इलाके की शाम के रूप में जाना जाता है जो कि हम सब के लिए प्रेरणादायक है।

घरौंडा के विधायक हरविंदर कल्याण ने कहा कि पूरे प्रदेश में जिस तरह से राजनीतिक मायने बदले हैं इससे समाज की भलाई का काम ज्यादा ज्यादा हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब कोई मुख्यमंत्री विरोध सहने का साहस रख रहा है। ठीक को ठीक और गलत को गलत कहने का साहस रख रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे मुख्यमंत्री को बल देने का काम करें। उन्होंने कहा कि गौशाला के रूप में जो पौधा लगाया गया है इसका पुण्य हम सबको मिलेगा।
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार गर्ग ने इस कार्यक्रम में पधारने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने बाल्यकाल से लेकर गांव में बिताए गए दिनों को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस तरह से सादगी,ईमानदारी और पारदर्शिता की बात हो रही है मुख्यमंत्री मनोहर लाल इसके प्रतीक हैं। भर्तियां पारदर्शी ढंग से होने लगी है। उन्होंने कहा कि उनका सदैव प्रयास रहा है कि हरियाणा प्रदेश के लोग उत्तराखंड में प्रदेश की अच्छी छवि बना कर आएं। इसके लिए कांवड़ मेला पिछली बार शांतिपूर्वक रहा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जब भी उत्तराखंड जाए तो अपने प्रदेश और अपने जिले की अच्छी छवि बनाकर और लेकर जाएं। इस मौके पर पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता, उत्तराखंड के डीजीपी अशोक गर्ग की धर्मपत्नी डॉक्टर अलकनंदा, जगत गुरु ब्रह्मानंद गौशाला के प्रधान नरेश गर्ग, मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक रणदीप घनघस, भाजपा नेता संजय छोकर,भीम चोपड़ा,उपायुक्त सुशील सारवान, पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन एडीसी वीना हुड्डा, एसडीएम वीरेंद्र ढुल, एसडीएम समालखा अमित कुमार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल को उत्तराखंड के डीजीपी अशोक गर्ग, गौशाला के प्रधान नरेश गर्ग व अन्य सदस्यों ने गदा व पगड़ी भेंट की।

Comments