मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल- किसान 15 तक करवाएं फसल पंजीकरण: उपायुक्त
कैंप व मुनादी कराकर किसानों को कर रहे हैं प्रेरित: डॉ. वजीर
BOL PANIPAT, 8 फरवरी। उपायुक्त सुशील सारवान ने जिले के किसानों का आह्वान किया है कि वे अपनी फसलों का पंजीकरण 15 फरवरी तक मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अवश्य करवाएं। किसान नजदीकी सीएससी सेंटर पर जाकर या स्वयं भी अपने मोबाइल के माध्यम से एचटीटीपीएस://फसलडॉटहरियाणाडॉटजीओवीडॉटइन पर जाकर अपनी फसल का पंजीकरण करवा सकते हैं। पहले सरकार द्वारा मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाने की तिथि को एक बार फिर बढ़ाया गया है, ताकि वंचित किसान अपनी फसलों का पंजीकरण करवा लें।
उन्होंने बताया कि जिस किसान की फसल का पंजीकरण पोर्टल पर होगा, वही किसान अपनी फसल को मंडी में बेच पाएगा। इसके अलावा विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे भावांतर भरपाई योजना, मेरा पानी-मेरी विरासत, कृषि यंत्र आदि का लाभ भी उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनकी फसलों का पंजीकरण होगा। ई-फसल क्षतिपूर्ति की सूचना देने के लिए भी मेरी फसल मेरा ब्यौरा पर फसल का पंजीकरण अनिवार्य है।
कृषि एवं किसान विभाग पानीपत के उप निदेशक डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि सभी फिल्ड स्टाफ को आदेश दिए गए हैं कि वे गांव-गांव जाकर किसानों को अपनी फसलों का पंजीकरण करवाने के लिए मुनादि आदि के जरिये जागरूक करें। इसके लिए गांवों में जागरूकता कैंप भी लगाए जा रहे हैं।

Comments