मंडियों में हाईटेक व्यवस्था, किसानों को नहीं होगी परेशानी: उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया
उपायुक्त ने नई अनाज मंडी और बाबरपुर मंडी का किया औचक निरीक्षण
मंडियों में सख्त निगरानी, 47 वेरिफाई यंत्र व 14 आई-स्कैनर से हो रही पारदर्शी पूर्वक खरीद
फसल का हर दाना खरीदेगी सरकार, मंडियों में पटवारियों की ड्यूटी के दिए आदेश
डीसी दहिया का सख्त संदेश, खरीद और लिफ्टिंग पर जीरो टॉलरेंस
BOL PANIPAT , 6 अप्रैल। जिले की अनाज मंडियों में सरसों और गेहूं की खरीद प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने सोमवार को पानीपत नई अनाज मंडी और बाबरपुर मंडी का किया औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न एजेंसियों द्वारा की जा रही खरीद व्यवस्था को बारीकी से परखा और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसानों को वेरिफिकेशन से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। इसके लिए मंडियों में पटवारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्होंने पानीपत और इसराना के तहसीलदारों को फोन कर किसानों की वेरिफिकेशन संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
मंडियों में पारदर्शी और सुचारू खरीद के लिए आधुनिक संसाधनों का भी उपयोग किया जा रहा है। इस समय मंडियों में 47 वेरिफाई यंत्र और 14 आई-स्कैनर उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से किसानों की पहचान और फसल की एंट्री प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जा रहा है। उपायुक्त ने इन व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए इनके सुचारू संचालन के निर्देश दिए। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान मॉइस्चर मीटर और अनाज तौलने वाले कांटों की भी जांच अपने सामने करवाई। उपायुक्त ने मॉइस्चर मीटर द्वारा नमी की जांच की प्रक्रिया को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अलग-अलग स्तर पर नमी की सटीक माप सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही फसल की खरीद हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नमी की जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने ढेरीयो पर पहुंचकर सरसों और गेहूं की फसल की गुणवत्ता का निरीक्षण किया और किसानों को दी जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित मापदंडों के अनुसार फसल की खरीद सुनिश्चित की जाए और रोजाना लिफ्टिंग की व्यवस्था एजेंसियों द्वारा सुचारू रूप से की जाए, ताकि मंडियों में फसल का अनावश्यक अंबार न लगे और किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसान हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। मंडियों में खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और तकनीकी रूप से मजबूत बनाया गया है। 47 वेरिफाई यंत्र और 14 आई-स्कैनर के माध्यम से किसानों की पहचान और वेरिफिकेशन प्रक्रिया को सरल और तेज किया गया है, ताकि किसी भी किसान को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हर किसान की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाए और उसे उसका उचित मूल्य समय पर मिले। इसके लिए सभी एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही फसल की खरीद की जाए। मॉइस्चर मीटर के माध्यम से नमी की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए और अलग-अलग स्तर पर उसकी सटीक माप सुनिश्चित की जाए। लिफ्टिंग की प्रक्रिया भी उतनी ही महत्वपूर्ण है, इसलिए रोजाना लिफ्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही, देरी या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी या अधिकारी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो—चाहे वह वेरिफिकेशन हो, तौल हो, नमी जांच हो या भुगतान की प्रक्रिया। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मंडियों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके। किसानों और आढ़तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस मौके पर मार्केट कमेटी चेयरमैन अवतार शास्त्री, एसडीओ खिलाड़ी त्यागी, सचिव आशा रानी, हैफेड के जनरल मैनेजर कृपाल दास, एमई महावीर सहित आढ़ती और किसान भी मौजूद रहे।

Comments