Tuesday, May 26, 2026
Newspaper and Magzine


जिले के 25 किसानों को ट्रैक्टरों पर मिलेगा अनुदान

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at February 16, 2023 Tags: , , , , ,

21 फरवरी को निकाला जाएगा ऑनलाइन ड्रा

BOL PANIPAT , 16 फरवरी। जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार अन्य वर्ग के किसानों के साथ-साथ अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों की भलाई के लिए भी प्रयासरत है। इसी कड़ी में सरकार द्वारा अनुसूचित जाति के किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध करवाने के लिए चलाई गई योजना के तहत वर्ष 2022-23 के अंतर्गत जिला पानीपत के 25 किसानों को ट्रैक्टर पर 3 लाख रूपये के हिसाब से अनुदान राशि दी जाएगी। लक्ष्य से अधिक आवेदन होने की वजह से 21 फरवरी को प्रात: 11 बजे लघु सचिवालय में जिला राजस्व अधिकारी की अध्यक्षता में ऑनलाइन ड्रा निकाला जाएगा।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग पानीपत के उप निदेशक डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों की आय में वृद्धि करने तथा उन्हें कृषि में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा 35 हॉर्स पावर से ज्यादा क्षमता के ट्रैक्टर की खरीद पर 3 लाख रूपये का अनुदान दिया जाता है। वर्ष 2022-23 के लिए जिला पानीपत को 25 ट्रैक्टर पर अनुदान का लक्ष्य दिया गया था। इच्छुक किसानों द्वारा 10 जनवरी 2023 तक ऑनलाइन आवेदन किए गए थे और आवेदक किसान को 23 जनवरी तक 10 हजार रूपये की पंजीकरण फीस जमा करवानी थी। जिन किसानों ने मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाया हुआ है और परिवार पहचान पत्र बनवाया है तथा पंजीकरण फीस जमा करवाई है, उसके आधार पर अब कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा की ओर से जिला पानीपत के 295 किसानों की सूची उपलब्ध करवाई गई है। इन 295 किसानों में से 25 किसानों को ट्रैक्टर पर दिया जाने वाला अनुदान मिलेगा। इसलिए इन किसानों का चयन ऑनलाइन ड्रा के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संबंधित किसानों को ड्रा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सूचित किया गया है। उन्होंने सभी किसानों से ड्रा समारोह में भाग लेने की अपील भी की है।

Comments