अवैध असला सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 08 मई 2023, पानीपत, सीआईए वन की टीम ने अवैध असला सप्लाई करने वाले एक आरोपी को बीती देर साय सेक्टर 18 मोड़ से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सुनील उर्फ काला पुत्र जयपाल निवासी अशोक नगर मेरठ यूपी के रूप में हुई।

सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि उनकी टीम ने विगत 15 अप्रैल को सेक्टर 13/17 में हेलीपेड के पास आरोपी आकाश पुत्र कृष्ण निवासी गांव हिरणवाडा शामली यूपी को अवैध एक 32 बौर देसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर 13/17 में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की तो आरोपी आकाश ने उक्त देसी पिस्तौल काला निवासी झोझड़ी कला शामली यूपी से 30 हजार रूपए में खरीदकर लाने बारे स्वीकारा था। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया था उसने 10 हजार रूपए काला को नगद दिए थे बाकि पैसे 20 दिन बाद देने के लिए कहा था। आरोपी आकाश को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत जेल भेजने के बाद पुलिस टीम ने असला तस्कर आरोपी काला की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि सीआईए वन की टीम आरोपी की धरपकड़ के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आरोपी पुलिस पकड़ से बचने के लिए ठिकाने बदल कर छुपकर रह रहा था। रविवार देर साय आरोपी सुनील उर्फ काला की सेक्टर 18 मोड़ पर घूमने बारे गुप्त सूचना मिली। सीआईए वन टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। पूछताछ में आरोपी सुनील उर्फ काला ने आरोपी आकाश को उक्त अवैध देसी पिस्तौल बेचने बारे स्वीकारा। पूछताछ में खुलासा हुआ उसने उक्त देसी पिस्तौल शामली से खरीदकर आरोपी आकाश को बेचा था। आरोपी सुनील उर्फ काला के कब्जे से 200 रूपए बरामद कर पुलिस टीम ने गहनता से पूछताछ करने के बाद आरोपी सुनील उर्फ काला को सोमवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments