Saturday, April 18, 2026
Newspaper and Magzine


12वीं हरियाणा एनसीसी बटालियन की सोनीपत-पानीपत इकाई के सीएटीसी में दिया प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at May 23, 2023 Tags: , , , ,

-कैंप में सामाजिक बुराइयों के साथ साईबर अपराध के खिलाफ दिया गया जागरूकता का संदेश
-कैंप कमांडेंट कर्नल अनिल यादव के नेतृत्व में सफलतापूर्वक किया जा रहा सीएटीसी का आयोजन

BOL PANIPAT , 23 मई। 12वीं हरियाणा एनसीसी बटालियन की सोनीपत एवं पानीपत इकाई के कंबाइंड एन्वल ट्रेनिंग कैंप (सीएटीसी) में एनसीसी के कैडेटों को प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश दिया गया। कैंप कमांडेंट कर्नल अनिल यादव ने विशेष रूप से कैडेटों को प्रोत्साहित किया कि वे इस दिशा में जागरूकता की अलख जगायें। खुद जागृत होकर अन्य लोगों को भी प्लास्टिक के खतरों के प्रति सचेत करें। साथ ही प्लास्टिक का प्रयोग न करने का संकल्प लें।
जवाहर नवोदय विद्यालय नौलथा में 18 मई से 27 मई तक एनसीसी के कंबाइंड एन्वल ट्रेनिंग कैंप (सीएटीसी) का आयोजन किया जा रहा है, जिसका नेतृत्व कैंप कमांडेंट कर्नल अनिल यादव कर रहे हैं। उन्होंने शिविरार्थियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से भी अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा है। इसलिए प्लास्टिक के प्रयोग को अलविदा कहनी चाहिए। पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक का प्रयोग बंद करना होगा।
कैंप के प्रशासनिक ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल विनोद कुमार ने इस दौरान साइबर अपराधों के प्रति कैडेटों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि इंटरनेट के इस दौर में साइबर अपराध एक बड़ा खतरा है। इससे बचने के लिए हमें सावधानी बरतते हुए जागरूक रहने और जानकारी हासिल करने की आवश्यकता है। इसके अभाव में हम साइबर अपराध का शिकार हो सकते हैं। साइबर अपराध बड़ी समस्या है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वे व्यर्थ की वैबसाइट से दूर रहें और प्रलोभनों में न फंसे। अपने पासवर्ड तथा ओटीपी किसी के साथ भी शेयर न करें।
इस दौरान सूबेदार मेजर सुरेश कुमार व फ्लाईंग ऑफिसर संजय कुमार ने बताया कि सीएटीसी-82 में शिविरार्थियों को हर प्रकार की ट्रेनिंग दी जा रही है। एनसीसी कैडेटों को फायरिंग के अलावा अन्य प्रकार की बेसिक ट्रेनिंग दी जा रही है। साथ ही उन्हें सामाजिक बुराइयों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। कैंप में तंबाकू निषेध दिवस भी आयोजित किया गया। विभिन्न प्रकार के इंटर इंस्टीट्यूशनल गेम कंपीटिशन करवाये जा रहे हैं। ड्रिल, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट तथा पब्लिक स्पीकिंग कंपीटिशन भी करवाये जा रहे हैं।  
विद्यालय के प्रिंसीपल राजेश नरवाल तथा बटालियन हवलदार मेजर अनिल कुमार द्वारा कैंप के सफल आयोजन में विशेष सहयोग दिया जा रहा है। सीएटीसी-82 में दो ऑफिसर, दो जेसीओ, तीन एएनओ, 16 सीटीओ, 245 जूनियर डिविजन के कैडेट तथा 111 जूनियर विंग की गल्र्स कैडेट हिस्सा ले रहे हैं।

Comments