वन टाइम रजिस्ट्रेशन पोर्टल आगामी आदेशों तक रहेगा खुला – उपायुक्त
BOL PANIPAT , 9 फरवरी। जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि ग्रुप सी व डी की नौकरियों के लिए संचालित किए जाने वाले कॉमन एलिजिबिलिटी टैस्ट के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग का पोर्टल वन टाइम रजिस्ट्रेशन आगामी आदेशों तक पुन: रजिस्ट्रेशन के लिए खुला हुआ है।
डी.सी. ने बताया कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार देने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए शुरू की गई वन टाइम रजिस्ट्रेशन योजना के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने से चूक गए युवाओं के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने पोर्टल को आगामी आदेशों तक पुन: खुला रखा है। उन्होंने कहा कि जो युवा किन्हीं कारणों से पिछली बार अपना रजिस्ट्रेशन नहीं करवा पाए थे वे अब इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाकर अपना रजिस्ट्रेशन अवश्य करवा लें।
उन्होंने कहा कि भविष्य में ग्रुप सी व डी की भर्तियों के लिए आवेदन करने वालों को इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। योजना के तहत सामान्य वर्ग को 500 रुपए व आरक्षित वर्ग को 250 रुपए शुल्क देकर अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। एक बार रजिस्ट्रेशन होने के पश्चात इसकी वैधता 3 साल तक मान्य रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार देने की जटिल भर्ती प्रक्रिया व बार बार भर्तियों के लिए फीस देने पर आर्थिक रूप से होने वाली परेशानियों से निजात दिलाने के लक्ष्य को ध्यान में रखकर इसकी शुरूआत की गई है इस योजना के शुरू होने से आयोग को एकही उम्मीदवार के अलग-अलग भर्तियों के लिए किए गए आवेदनों की बार-बार जांच पड़ताल नहीं करनी होगी। वन टाइम रजिस्ट्रेशन योजना की सहायता से यह कार्य एक बार में ही हो जाएगा।

Comments