पेट्रोल पंप पर पिस्तौल के बल पर लूट करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार. वारदात में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल/ पांच जिंदा कारतूस व एक बाइक बरामद
BOL PANIPAT : 01 जून 2023, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में सीआईए थ्री पुलिस टीम ने पेट्रोल पंप पर लूट करने वाले पांच आरोपियों को बीती देर साय काबू करने में सफलता हासिल की। पांचों आरोपी यूपी के रहने वाले है। आरोपियों ने गत रविवार को गांव सनौली खुर्द के पास स्थित पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से गन पॉइंट पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
एएसपी मयंक मिश्रा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्री अजीत सिंह शेखावत ने गत दिनों पेट्रोल पंप पर हुई लूट की उक्त वारदात को सुलझाने के लिए सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर अंकित व उनकी टीम को विशेष रूप से जिम्मेदारी सौपी थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों की धरपकड़ के लिए भरसक प्रयासरत थी। बीती देर साय गश्त के दौरान सीआईए थ्री की टीम सनौली रोड पर मौजूद थी। तभी गुप्त सूचना मिली की पेट्रोल पंप पर लूट करने वाले आरोपी एक बाइक पर सनौली की और से गांव कुराड़ की तरफ आ रहे है। पुलिस टीम ने कुराड़ अड्डे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध युवकों पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ देर पश्चात एक बाइक पर पांच युवक सनौली की और से आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने नाके पर पांचों युवकों को काबू कर पूछताछ की तो उन्होंने अपनी पहचान शाहरूख पुत्र तासिम, समीर व अनस पुत्र तासिन, सादिक पुत्र नसीम व जोवेद पुत्र सरीफ निवासी तावली मुजफ्फरनगर यूपी हाल किरायेदार गांव कुराड़ के रूप बताई। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपियों ने सनौली रोड पर गांव सनौली खुर्द के पास पेट्रोल पंप लूट की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस उनके किराये के कमरे कुराड़ से बरामद किये गए।
एएसपी मयंक मिश्रा ने बताया कि आरोपियों से की गई पूछताछ में खुलासा हुआ पांचों आरोपी फैक्टरी में लेबर का काम करते हुए गांव कुराड़ में किराये का कमरा लेकर रह रहे थे। 28 मई को आरोपी सादिक व शाहरूख गांव सनौली खुर्द के नजदीक पेट्रोल पंप पर बाइक में तेल डवालने गए थे। 50 रूपए का तेल डलवाकर सेल्समैन को 2 हजार रूपए का नोट दिया तो खुले पैसों को लेकर उन दोनों की सेल्समैन के साथ कहासुनी हो गई थी। सेल्समैन ने 2 हजार का नोट अपने पास रख लिया था। कहासुनी के बाद दोनों कमरे पर गए और साथी जावेद, अनस व समीर को इस बारे बताया। करीब एक घंटे बाद एक देसी पिस्तौल व पांच जिंदा कारतूस लेकर पांचों आरोपी पेट्रोल पंप पर पहुंचे और सेल्समैन पर पिस्तौल तानकर उससे दो हजार का नोट छीनकर फरार हो गए थे।
एएसपी मयंक मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस व एक बाइक बरामद कर पूछताछ के बाद वीरवार को पुलिस टीम ने पांचों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।
यह है मामला
थाना सनौली में गांव कुराड़ निवासी संजय पुत्र इंद्र सिंह ने शिकायत देकर बताया था कि सनौली रोड पर होटल जय फूड के पास उनका आईओसीएल नाम से पेट्रोल पंप है। 28 मई को बाद दोपहर करीब 12 बजे एक काले रंग की स्पलेंडर बाइक पर दो युवक आए। जिन्होंने 50 रूपए का तेल डलवाने के बाद 2 हजार रूपए का नोट थमाया । जिसके बाद सेल्समैन सोनू ने कहा की उसके पास अभी खुल्ले नही है। इसी बात को लेकर दोनों लड़के सोनू के साथ कहासुनी कर बाइक लेकर चले गए। दो हजार का नोट सेल्समैन सोनू के पास रह गया। करीब एक घंटे बाद उसी बाइक पर दोनों लड़के अपने तीन अन्य साथियों से साथ आए और उनमे से एक युवक सेल्समैन सोनू की तरफ पिस्तौल तान दी और 20 हजार रूपए छीनकर गोली मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। संजय की शिकायत पर थाना सनौली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments