पूर्व विधायक फतेहचंद विज की याद में क्रिकेट टूर्नामेंट की बजाये प्रॉपर्टी व फैमिली आईडी बनवाने का कैंप लगाते तो शहर वासियों को मिलता फायदा: राकेश चुघ
-आप का जिला अध्यक्ष बनने पर राकेश चुघ ने अपनी पहली ही प्रेस कांफ्रेंस में शहरी विधायक विज पर उठाये सवाल
-पानीपत में पीवीआर के पास जीटी रोड स्थित एक होटल में जिला अध्यक्ष राकेश चुघ हुए मीडिया से रूबरू
BOL PANIPAT ,3 जून। आप के जिला अध्यक्ष राकेश चुघ ने कहा कि पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज द्वारा अपने पिता पूर्व विधायक स्वर्गीय फतेहचंद विज की पुण्य तिथि पर शिवाजी स्टेडियम में उनकी याद में फतेहचंद मेमोरियल किक्रेट टूर्नामेंट करवाई जा रही है, जोकि एक बहुत अच्छी बात है। लेकिन उस क्रिकेट टूर्नामेंट का नगर निगम के कर्मचारी लुत्फ उठा रहे है और इसके चलते नगर निगम का काम बाधित हो रहा है। शहर वासियों को प्रॉपर्टी आईडी, फैमिली आईडी आदि कामों को लेकर निगम के चक्कर काटने पड़ रहे है। राकेश चुघ ने कहा कि पूर्व विधायक स्वर्गीय फतेहचंद विज एक बहुत अच्छे इंसान थे और उनकी याद में विधायक प्रमोद विज द्वारा यदि प्रॉपर्टी व फैमिली आईडी आदि बनवाने का नगर निगम द्वारा शिवाजी स्टेडियम में कैंप लगवाया जाता तो अच्छा रहता। पानीपत शहर वासियों की परेशानियां दूर होने पर स्वर्गीय फतेहचंद विज की आत्मा भी प्रसन्न होती। राकेश चुघ शनिवार को बरसत मोड के पास जीटी रोड स्थित पीवीआर के पास जनता प्रीमियर रेस्टोरेंट में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। राकेश चुघ ने कहा कि शहर में बेसहारा गोवंश की वजह से अनेकों लोगों की जान जा चुकी है और अनेकों व्यक्ति घायल भी हो चुके है। इसलिये विधायक प्रमोद विज किक्रेट प्रतियोगिता की बजाये शहर में बेसहारा घुमने वाले गोवंश का समाधान करवाते तो शहर वासियों को भी राहत मिलती। वहीं राकेश चुघ ने आरोप लगाया कि नगर निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है और बिना बनी हुई सडक़ों के बिल पास किये जा रहे है। ऐसे ही आरोप हाल ही में स्वयं भाजपा की पार्षद ने लगाये थे। यदि इस तरह के सारे मामलो की जांच करवाई जाए तो पानीपत नगर निगम में बहुत बड़ा घोटाला सामने आ सकता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम कार्यालयों में कई बार सीएम फ्लाइंग द्वारा छापेमारी की जा चुकी है लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नही हुई है। चुघ ने कहा कि हरियाणा के साथ लगते राज्यों पंजाब व दिल्ली में 300 यूनिट तक बिजली फ्री दी जा रही है लेकिन हरियाणा में बिजली फ्री देने की बजाये दो-दो माह का बिल एसीडी के रूप में एडवांस में जमा करवाया जा रहा है। उन्होंने महिला पहलवानों को लेकर कहा कि जब देश की नई संसद का उदघाटन हो रहा था तो उस वक्त दिल्ली में पहलवान खिलाडिय़ों को सडक़ों पर घसीटा जा रहा था। राकेश चुघ ने कहा कि देश में संविधान को बचाने के लिये आम आमदी पार्टी द्वारा जल्द ही बाबा साहेब अम्बेडकर की मूर्ति के सामने एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया जाएगा। वहीं पानीपत शहर में लगाये जा रहे होर्डिंगों पर राकेश चुघ ने कहा कि इसमें भारी घोलमाल चल रहा है और सरकार द्वारा जांच करवाई जाये तो बड़ा घोटाला सामने आएगा। जबकि निगम पार्षदों के एक सवाल के जवाब में राकेश चुघ ने कहा सरकार को पानीपत के सभी 26 पार्षदों की प्रॉपर्टी की जांच करवाई जानी चाहिये कि पार्षद बनने से पहले उनके पास कितनी प्रॉपर्टी थी और अब कितनी प्रॉपर्टी है। इस अवसर पर आप के प्रदेश के संयुक्त सचिव सुखबीर सिंह मलिक, जोनी चावला, दीपक बगा, हरीश बजाज, हरीश सलूजा, विपिन चावला, अर्जुन सिंह व राजकुमार आदि मौजूद रहे।
8 जून को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान करेंगे जींद में विशाल तिरंगा यात्रा में शिरकत
आप के जिला अध्यक्ष राकेश चुघ ने कहा कि इसी 8 जून को जींद में आप द्वारा विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भाग लेंगे। पानीपत जिला से भी भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता तिरंगा यात्रा में जींद पहुंचेंगे।

Comments