Tuesday, April 28, 2026
Newspaper and Magzine


एस.डी.पी.जी.कॉलेज पानीपत में एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने झुग्गी-झोपड़ी में जाकर गरीबों को बांटे दीपावली के तोहफे और मिठाईयाँ

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at November 9, 2023 Tags: , , , , ,

खुद के बचाए जेब-खर्च और कॉलेज में एकत्रित चंदे से तोहफे खरीद कर उन्हें गरीबों में बांटने की पेश की एक नई मिसाल

दूसरों के लिए जीने वाला मनुष्य ईश्वरीय गुणों से भरपूर व्यक्तित्व का मालिक होता है: डॉ अनुपम अरोड़ा

BOL PANIPAT , 09 नवम्बर,

एस.डी. पी.जी. कॉलेज पानीपत में दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित दो दिवसीय ‘दीपावली आर्ट एंड क्राफ्ट’ मेले के दूसरे दिन कॉलेज एन.एस.एस. यूनिट्स के 70 स्वयंसेवकों ने एक नई मिसाल पेश करके सभी को हैरत में डाल दिया । स्वयंसेवकों ने खुद के बचाए जेब-खर्च और कॉलेज के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों द्वारा दिए गए चंदे से उपहार तथा मिठाइयां खरीद कर उसे पानीपत की दो नहरों के बीच बसी झुग्गी-झोपड़ी में जाकर लगभग 100 गरीब परिवारों और उनके बच्चों को बांटे और उन्हें इस पावन त्यौहार में ख़ुशी और उल्लास का अवसर प्रदान किया । राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यकर्ताओं को प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने हरी झंडी दिखाकर दो नहरों के मध्य स्थित झुग्गी-झोपड़ी के लिए रवाना किया । कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कॉलेज एन.एस.एस. अधिकारी डॉ राकेश गर्ग ने किया । स्वयंसेवकों न सिर्फ एक-एक परिवार से जाकर उनसे उनकी कुशलता के बारे में पूछा बल्कि उन्हें स्वास्थ्य और स्वच्छ रहने के फायदे भी बताये । एक दिवसीय कैंप के उपरान्त स्वयंसेवक जब कॉलेज लौटे तो उन्होनें कॉलेज में पढने वाले छात्र-छात्राओं को पटाखा-रहित दिवाली मनाने के लिए प्रेरित किया और पर्यावरण बचाने हेतु पौधारोपण किया । एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने सम्पूर्ण कॉलेज को फूलों और मालाओं से बहुत ही सुन्दर तरीके से सजाया और उनके द्वारा बनाई गई एन.एस.एस. रंगोलियाँ आकर्षण का केंद्र रही । स्वयंसेवकों ने शनि मंदिर जाकर सभी के कल्याण और उज्जवल भविष्य हेतु प्रार्थना की ।  

दिनेश गोयल प्रधान ने अपने सन्देश में कहा कि कॉलेज एन.एस.एस. यूनिटस ने नियमित और विशेष कैंपिंग कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को सामूहिक रूप से समस्याओं का सामना करना सिखाया है । पर्यावरण संवर्धन एवं संरक्षण, स्वास्थ्य, गांवों की तस्वीर बदलनी हो या फिर सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाना हो हर कार्य में कॉलेज एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने बेमिसाल भूमिका निभाई है । कॉलेज में एन.एस.एस. लेने वाले विद्यार्थियों को कम समय में ही राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध हो जाता है और वह राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने लगते है । इसके साथ उन्हें लोगों के सुख-दुख में शामिल होना आ जाता है और वे सामाजिक कार्य में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंने लगते है । आज किये गए पुनीत कार्य के लिए सभी स्वयंसेवकों को बधाई ।  

डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि दूसरों की मदद करने से हमारे मस्तिष्क में ख़ुशी के हार्मोन्स पैदा होते है जिससे हमें संतुष्टि मिलती है और हम मजबूत बनते है । जब हम दूसरों की मदद करते हैं तो हम में अपनेपन की भावना विकसित होती है । इससे दूसरों के जीवन में तो खुशी आती ही है हमारा खुद का अकेलापन भी दूर होता है । दूसरों की मदद करने से हम खुद को पुरस्कृत महसूस करते हैं । हमको अपने जीवन का उद्देश्य समझ में आने लगता है और जीवन में यह भाव बहुत महत्वपूर्ण है । जब हम किसी व्यक्ति की मदद करते हैं तो हमें दूसरे व्यक्ति के जीवन की झलक देखने को मिलती है । दूसरों की परिस्थितियाँ देखकर ही हमें एहसास होता है कि हम कितने सौभाग्यशाली हैं । इससे जीवन के प्रति हमारा दृष्टिकोण ज्‍यादा सकारात्मक होता है और हमारी मदद करने की भावना और प्रबल होती है । जो लोग समाजसेवा के लिए आगे बढ़कर आते हैं उनमें आत्मविश्वास, आत्मगौरव और स्वाभिमान के गुण अन्य लोगों से बेहतर होते है । किसी की सेवा करने पर हमें खुद के लिए अच्छा महसूस होता है । जो व्यक्ति दूसरों के लिए जीते है वे ईश्वरीय गुणों से भरपूर व्यक्तित्व होते है । गरीबों, वंचितों और पर्यावरण को बचाने के लिए जो प्रयास इन एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने आज किये है उसे देखकर वे अभिभूत है ।

डॉ राकेश गर्ग प्रोग्राम ऑफिसर ने कहा कि एन.एस.एस. भारत सरकार द्वारा प्रायोजित सार्वजनिक सेवा कार्यक्रम है जो युवा मामलों के मंत्रालय और भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा संचालित किया जाता है । एन.एस.एस. में शामिल होकर विद्यार्थी समुदाय में काम करना, समुदाय की समस्याओं को जानना और उन्हें हल करना, सामाजिक और नागरिक जिम्मेदारी का बोध पाना, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को महसूस करना सीख पाता है । एन.एस.एस. जहाँ व्यक्तित्व को निखारता है वहीँ यह भविष्य में हमें रोजगार दिलाने में भी मददगार है । कॉलेज एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने बहुत बड़ी उपलब्धियां हासिल की है । राष्‍ट्रीय सेवा योजना राष्‍ट्र की युवाशक्ति के व्‍यक्‍तित्‍व विकास हेतु युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित एक सक्रिय कार्यक्रम है और इसकी गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थी समाज के लोगों के साथ मिलकर समाज हित के कार्य करते है । एन.एस.एस. कार्यकर्ताओं ने इसी दिशा में पूरे वर्ष कार्य किये है और आज का एक दिवसीय कैंप भी इसी कड़ी में किया एक कार्य है ।  

Comments