Sunday, September 20, 2026
Newspaper and Magzine


गांव के युवाओं को खेलों के प्रति बढ़ावा देने व नशे से दूर रखने के लिए जिला पानीपत पुलिस द्वारा करवाई जाएगी चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at December 21, 2023 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 21 दिसम्बर 2023, पुलिस महानिदेशक हरियाणा शत्रुजीत कपूर के निर्देशन में हरियाणा पुलिस युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें शारीरिक रूप से चुस्त दुरूस्त बनाने को लेकर खेलों के प्रति प्रोत्साहित कर रही है। इसी के तहत पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में जिला पानीपत पुलिस द्वारा गांव के युवाओं के लिए 27 दिसम्बर से 30 दिसम्बर तक चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता करवाई जाएगी। उक्त प्रतियोगिता का आयोजन सिवाह स्थित खेल स्टेडियम में किया जाएगा। यह जानकारी एएसपी मयंक मिश्रा ने वीरवार को लघु सचिवालय में स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता कर दी। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक सतीश गौतम भी मौजूद रहे।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, रस्साकशी, कबड्डी, रेस, रिले रेस, 100, 400 व 800 मीटर, लॉन्ग जंप इत्यादि खेलों को शामिल किया गया हैं। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए जिला के गांवों की टीम सरपंच के माध्यम से या स्वयं संबंधित थाना में जाकर शनिवार 23 दिसम्बर मध्य रात्रि तक निशुल्क रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। पुरुष व महिलाओं की टीम प्रतियोगिता में बढ़ चढ़कर भाग लेंगी। विजेता टीम को ट्राफी के साथ प्राइज मनी देकर सम्मानित किया जाएगा।

एएसपी मयंक मिश्रा ने बताया कि खेलकूद प्रतियोगिता का उद्देश्य गांव के युवाओं को प्रेरित कर खेल के मैदान में लाना है ताकि वे अपराध और नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। नशे से उस व्यक्ति का परिवार ही नहीं बल्कि पूरा समाज प्रभावित होता है। पुलिस नशा तस्करों को गिरफ्तार कर नशीले पदार्थों की बरामदगी सुनिश्चित करती है और साथ ही नशे पर रोकथाम के लिए सफल प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। इसके लिए सबको मिलजुल कर प्रयास करना होगा, ताकि युवाओं को इससे बचाया जा सके।

उन्होंने बताया कि खेलों का महत्व सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य की ही सीमा नहीं होता है, बल्कि यह हमारे मनोवैज्ञानिक विकास के लिए भी आवश्यक है। खेल खेलने से हमारा मन ताजगी और सक्रियता से भर जाता है। यह हमारी मानसिक तनाव को कम करने में मदद करता है और हमें खुश और स्वस्थ रखता है। हम सभी को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति सजग रहना है और दूसरों को भी इसके दुष्परिणाम से अवगत कराना है। युवा देश का भविष्य है, उनकी उर्जा को सही दिशा में लगाया जाए यह जरूरी है।

Comments