कांग्रेस के करनाल लोकसभा प्रभारी भारत भूषण बत्रा ने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
BOL PANIPAT : 2024 के चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अब रणनीति बना ली है। करनाल लोकसभा प्रभारी भारत भूषण बत्रा आज पानीपत पहुंचे। उन्होंने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
मिशन 2024 को लेकर कांग्रेस पार्टी अब पूरी तरह से एक्शन मोड में आ चुकी है। कांग्रेस के करनाल लोकसभा प्रभारी विधायक भारत भूषण बत्रा ने पानीपत में स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली। मीटिंग में विचार विमर्श किया गया कि चुनाव को कैसे जीतना है। भारत भूषण बत्रा ने बताया कि इस बार कांग्रेस बूथ लेवल पर मजबूत टीम तैयार करेगी। कांग्रेस अपने सभी बूथों को मजबूत करेगी। घर-घर जाकर वोटरों को समझाएगी और एक-एक वोट पर फोकस करेगी।
करनाल लोकसभा प्रभारी भारत भूषण बत्रा ने बताया कि कांग्रेस पार्टी आचार संहिता लागू होने से पहले ही अपने कैंडिडेट्स का नाम अनाउंस कर देगी। अबकी बार जनता तक सीधी पहुंच रखने वाले कार्यकर्ता व नेता को ही टिकट दी जाएगी।
भारत भूषण बत्रा ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री झूठ बोलने का काम करते हैं उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल बताएं कि उन्होंने 10 साल में क्या काम किया और अपना रिपोर्ट कार्ड दिखाएं। भारत भूषण बत्रा ने कहा कि सरकार ने जनता के हाथ में कागज पकड़ा दिए लेकर पोर्टल पर करवाते रहो अपलोड। कभी सर्वर एरर तो कभी नेट की दिक्कत। आज तक हरियाणा के लोग पोर्टल के जंजाल ऐसे फंसे कि हाथ में असली कागज लेकर जाने के बावजूद उनके काम नहीं होते। उन्होंने कहा कि अगर हम सत्ता में आते हैं तो अनसेसरी पोर्टल खत्म कर देंगे। कार्यकर्ताओं और नेताओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि सब पूरा जोर लगा दो। इस बार आपके सहयोग व मेहनत के दम पर हरियाणा की आधी से ज्यादा लोकसभा सीटों पर कांग्रेस पार्टी जीतेगी।

Comments