समाधान शिविरों में पहुंचने वाले शिकायत कर्ता अपने साथ परिवार पहचान पत्र जरूर लेकर आए: उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया।
-समाधान शिविर लगाने की ऐतिहासिक पहल ला रही है रंग।
-समाधान शिविर में चौथे दिन 161 शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन के सामने रखी अपनी समस्याएं।
BOL PANIPAT , 13 जून। राज्य सरकार ने आमजन की शिकायतों का निस्तारण करने को लेकर जिला मुख्यालय व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर लगाने की ऐतिहासिक पहल की है। इसमें जरूरतमंद नागरिकों की समस्याओं के समाधान पर बल दिया जाता है। पूरा प्रशासन पूरी तैयारी के साथ जिला सचिवालय के सभागार में मौजूद रहता है। पिछले तीन दिन से लगातार प्रशासनिक अधिकारी लोगों की समस्याओं को सुन रहे है। जिले में यह पहल रंग लाती नजर आ रही है। पूरा प्रशासन जरूरतमंद नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने के लिए रोजाना दो घण्टे इन शिविरों के माध्यम से आम जन को समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने बताया कि सकारात्मक माहौल में ये समाधान शिविर लोगों के लिए किसी बूटी से कम नजर नहीं आते।
उपायुक्त ने बताया कि 10 जून को प्रारंभ हुए समाधान शिविर में प्रथम दिन जहां लोगों की संख्या अगुंलियों पर नजर आती थी अब ये आकंड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है। दूसरे दिन शिविर में 39 नागरिकों ने प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष अपनी अलग अलग विभागों से जुड़ी समस्याओं को रखा। तीसरे दिन यह आकंड़ा और विस्तार करता हुआ नजऱ आया व 112 जरूरतमंद ने अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। चौथे दिन इसमें उम्मीद से ज्यादा बढ़ोतरी नजर आयी व 161 लोगों ने प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं निसंकोच होकर रखी।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने बताया कि शिविर में आम नागरिकों की प्रोपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड व बिजली- पानी से संबंधित समस्याएं मुख्य रूप से नागरिकों द्वारा रखी जा रही है। सभी विभागों के अधिकारी शिविर में उनके विभाग से संबंधित जो भी समस्या आती है उस पर शिददत पूर्वक कार्य किया जाता है।
उपायुक्त ने कहा कि जो भी शिकायत कर्ता अपनी किसी भी समस्या को लेकर समाधान शिविर में पहुंचता वो अपना परिवार पहचान पत्र साथ लेकर आएं ताकि समस्या की गंभीरता को देखते हुए उस पर उचित कार्यवाही की जा सके। शिविर में पहुंचे हरसिमरन जीत ने अपनी समस्या को लेकर प्रशासन से उसकी गंभीरता बताई जिस पर उपायुक्त ने तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी कड़ी में पानीपत के धर्मवीर ने खादय एवं आपूर्ति विभाग से जुड़ी समस्या को रखा जिसमें उन्होंने अपना राशन कार्ड दुरस्त कराने की मांग रखी।
ऊझा के एक शिकायत कर्ता जीतराम ने बिजली विभाग द्वारा ज्यादा बिल के संदर्भ में नराजगी जतायी व उसे प्रशासन द्वारा दुरस्त करने का अनुरोध किया। मतलौडा के कृष्ण कुमार ने बिजली मीटर के संबंध में विभाग को अपनी समस्या बताई।
उपायुक्त ने मतलौडा के प्रेम ने वृद्घा पैंशन बनवाने को लेकर प्रशासन से दरखास्त की। विधा कालोनी के बाबू खान ने उनके मकान की दयनीय हालत से प्रशासन को अवगत कराकर मदद की गुहार की। उपायुक्त ने तुंरत प्रभाव से संज्ञान लिया व मकान का मुआयना करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। अदियाना के कृष्ण कुमार ने अपनी पारिवारिक समस्या रखते हुए प्रशासन से मदद मांगी।
पानीपत की दिव्यांग की श्रेणी से जुड़ी मुस्कान ने उपायुक्त से सरकार द्वारा संचालित की जा रही पैंशन संबंधित योजना का लाभ प्रदान करने का अनुग्रह किया। इस मौके पर निगम कमीशनर साहिल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, एसडीएम मनदीप सिंह, सीटीएम टीनू पोसवाल, जिला परिषद सीईओ गौरव कुमार, सीएमओ जयंत आहुजा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments