अधिकारी लोगों के समाधान की तरफ दे ध्यान : उपायुक्त डॉ.वीरेन्द्र कुमार दहिया
-शिकायतकर्ताओं के लिए बन रहे विशेष समाधान शिविर
-समाधान शिविर तब तक जारी रहेंगे जब तक अंतिम व्यक्ति तक की समस्या का समाधान नहीं निकल जाता
-समाधान शिविर में 250 समस्याएं आई, 134 का मौके पर हुआ समाधान
BOL PANIPAT , 22 जुलाई। हरियाणा सरकार द्वारा जिले व मंडल स्तर पर दैनिक रूप से आयोजित किये जा रहे समाधान शिविर शिकायतकर्ताओं के लिए धीरे-धीरे विशेष बनते जा रहे है। शिविर में अपनी समस्याओं के निदान को लेकर पहुंचने वाले शिकायतकर्ता काफी हद तक समाधान शिविर की कार्यशैली से संतुष्ट नजर आते हैं, हालांकि शिविर का केन्द्र बिन्दु पैंशन, फैमली आईडी, आधार कार्ड आदि निर्धारित है लेकिन उपायुक्त के समक्ष शिकायतकर्ता जिस प्रकार से अन्य समस्याओं को लेकर पहुंचते है उन पर उसी गति से कार्य किया जाता है जिस गति से पैंशन, फैमली आईडी आदि पर होता है।
उपायुक्त डॉ.वीरेन्द्र कुमार दहिया ने बताया कि शिविर में समानता पूर्वक कार्य को प्राथमिकता दी जाती है। जो भी शिकायतकर्ता शिविर में अपनी समस्याओं को लेकर दस्तक देते है। पहले उनकी समस्याओं को गंभीरता पूर्वक अध्ययन किया जाता है। उसके पश्चात् उसके समाधान का रूट तय किया जाता है।
उपायुक्त ने बताया कि ये समाधान शिविर तब तक जारी रहेंगे जब तक अंतिम व्यक्ति तक की समस्या का समाधान नहीं निकल जाता। शिविरों में पहुंच रहे लोगों को भी अब इसका अहसास होने लगा है कि अब उनकी समस्याओं का समाधान निश्चित रूप से होगा। उपायुक्त ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतकर्ताओं द्वारा दी जा रही समस्याओं के समाधान के प्रति किसी भी प्रकार की कोताही ना बरतें व समस्याओं पर नहीं उसके समाधान पर जोर दे।
शिविर में शिकायत लेकर पहुंचे छिछड़ाना व कुराना के लोगों ने आईओसीएल द्वारा बिछाई जा रही पाइप लाईन को लेकर कम्पनी द्वारा जो मुआवजा दिया जा रहा है वो कम है व उसमें बढ़ोतरी की जाएं। इसी गांव के शिकायतकर्ता रविन्द्र ने आरोप लगाया कि उनके साथ धोखा हुआ है व जो कोटा हमें दिया जाना था वह किसी दूसरे को दे दिया गया। उन्होंने उपायुक्त से प्रार्थना की कि मुझे न्याय दिलाया जाएं। उपायुक्त ने खादय एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को गांव जाकर शीघ्रता से इस मामले की जांच करने के आदेश दिए।
शिकायतकर्ता सतपाल वासी कुराड़ ने उपायुक्त से अनुरोध किया कि वह शरीर से 80 प्रतिशत विकलांग है। उसके प्लाट में सडक़ के काफी पत्थर डाल दिए गए है। उनसे उनका काफी कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सडक़ के पत्थर हटवाने व निशानदेही कराने की उपायुक्त से मांग की। शिकायतकर्ता सरोज वासी शिमला गुजरान ने उपायुक्त से अनुरोध किया कि उनकी पुत्री ज्योति के बालिग होने के बाद भी अपनी बेटी अपना धन योजना का लाभ अभी तक नहीं मिला। उन्होंने उपायुक्त से इस मामले में संज्ञान लेकर लाभ दिलवाने की अपील की। उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मामले को देखते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
शिकायतकर्ता शीलो वासी भादड़ ने उपायुक्त से आयुष्मान कार्ड बनाने का अनुरोध किया। एक अन्य समस्या में पोनी नामक महिला ने अपने पति का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने का प्रशासन से अनुरोध किया। एक महिला रीना वासी राजा खेड़ी ने प्रशासन से अनुरोध किया कि उनका मकान कच्चा है। कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने उन्हें सरकारी योजना का लाभ देने का अनुरोध किया। इस मौके पर निगम कमीशनर साहिल गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ.पंकज, एसपी अजीत सिंह शेखाावत, एसडीएम मनदीप सिंह,जिला परिषद के सीईओ गौरव, सीटीएम टीनू पोसवाल, डीएफओ विजय लक्ष्मी, कृषि विभाग के पौधा विभाग अधिकारी डॉ.राजेश भारद्वाज के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी व शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

Comments