सरकार हर घर जल पहुंचाने को वचनबद्ध. विभाग ने ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल के 35133 नये कनेक्शन उपलब्ध कराये
BOL PANIPAT , 24 अगस्त। राज्य सरकार हर घर को शुद्ध जल उपलब्ध कराने के लिए वचनबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्र में जल जीवन मिशन योजना को लेकर युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 276 किलो मीटर लंबी पाईप लाईन बिछाने का कार्य अंतिम चरण में है इसके दिसंबर माह तक पूर्ण होने कि संभावना है। उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि जिले के कुल 175 गांव हैं जिनमें से 161 गांवों के 1 लाख 22 हजार 63 परिवारों को हर घर जल जीवन मिशन के तहत पाईप से स्वच्छ जल सुविधा का लाभ मिल रहा है।

उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि ग्रामीण समुदायों के लोगों को गुणवत्ता पूर्ण जल से उनके जीवन स्तर में सुधार हुआ है। विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, कल्याण केंद्रों एवं सामुदायिक भवनों में नल कनेक्शन प्रदान किये गये है। स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता संजय शर्माने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत जिले में 35133 नये कनेक्शन दिये गये हैं। इस योजना के साथ ग्रामीण क्षेत्र में नल से जल उपलब्ध कराने का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया था उसे पूरा कर लिया गया है। ग्रामीणों को पाईप के जरिये घरों में साफ और शुद्ध जल पीने को मिल रहा। एक प्रकार से ग्रामीण क्षेत्र में जल जीवन मिशन का यही विजन पूरा होने के करीब पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना पर 8585.31 लाख का खर्च संभावित है, 2858.49 लाख रुपये इस योजना के तहत खर्च हो चुके हैं। बाक्स जल जीवन मिशन योजना के तहत बिछाई जा रही पाईपलाईनों में 4 इंच की 2,36,215 मीटर, 6 इंच की 35,467 मीटर व 8 इंच 4280 मीटर की पाईप लाइने है।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्कीम के तहत जिले के 9 गांवों में ग्राम पंचायतों को जल उपलब्ध कराया गया है। जिले के 5 गांव ऐसे हैं जिनको महाग्राम योजना के साथ जोड़ा गया है इनमें पाईप के जरिये शुद्ध जल पहुंचाने का कार्य प्रगति पर है। योजना का कैसे ले लाभ स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता संजय शर्मा ने बताया कि हर घर जल मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्र में नये कनेक्शन के आवेदन के लिए आवेदक को आधार कार्ड की कॉपी संलगन करनी होगी। इस योजना के तहत बीसी व सामान्य वर्ग को 10 रुपये प्रति कनेक्शन व 40 रुपये मासिक शुल्क देना होगा। जबकि एस.सी. श्रेणी के आवेदक के लिए 20 रुपये मासिक शुल्क व 10 रुपये कनेक्शन के निर्धारित हैं।

Comments