Friday, April 24, 2026
Newspaper and Magzine


सरकारी विभागों द्वारा आपसी तालमेल से किया जा रहा समस्याओं का समाधान: एडीसी

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 12, 2024 Tags: , , , ,

-शिविर में आने वाली शिकायतों की लगातार हो रही मॉनिटरिंग
-एडीसी डॉ पंकज यादव ने समाधान शिविर में जनसमस्याएं सुनते हुए दिए समाधान के निर्देश
-जनसेवा को समर्पित है समाधान शिविर।

BOL PANIPAT : 12 अगस्त। सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन की ओर से जिला में ‘समाधान शिविर’ लगाकर लोगों की विभिन्न प्रकार की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। अतिरिक्त उपायुक्त डॉक्टर पंकज यादव ने सोमवार को जिला सचिवालय  स्थित सभागार में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों के साथ समाधान शिविर लगाकर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। एडीसी ने समाधान शिविर में आम नागरिकों की प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, बिजली, पानी तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं आदि शिकायतें सुनी। उन्होंने मौके पर ही मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों के माध्यम से नागरिकों से प्राप्त कई समस्याओं का तत्परता से समाधान करते हुए शिकायतकर्ताओं को राहत पहुंचाई।
       एडीसी  पंकज यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को उनकी समस्याओं के निदान के लिए एक सिंगल प्लेटफार्म उपलब्ध कराकर उनका मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किए जाए ताकि उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निवारण करें। नागरिकों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो और उनको एक ही समस्या के समाधान के लिए बार-बार अधिकारियों के पास न आना पड़े।
समाधान शिविर में दलबीर कॉलोनी की बाला ने पुरानी मंडी की पीएनबी शाखा के प्रबंधक के विरुद्ध शिकायत देते हुए कहा कि उनके पति की मृत्यु 2 साल पहले हुई थी लेकिन उनके पति का जो बैंक खाता है उसमें जो राशि है उसे नहीं मिल पा रही है और बार-बार जाने से मैनेजर के व्यवहार से भी परेशान है। इस पर एडीसी ने जिला अग्रणी प्रबंधक को निर्देश दिए की उनके पति के खाते की उनके उत्तराधिकारी के रूप में उनकी पत्नी को वह राशि उपलब्ध करवाई जाए। इसी तरह मतलौडा में सीवरेज में पानी से संबंधित आई शिकायत पर एडीसी डॉक्टर पंकज यादव ने लोक निर्माण विभाग और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह मौके पर जाकर निरीक्षण करें और इसकी रिपोर्ट दें। इसी तरह आटावला गांव के सरदार सिंह ने प्लांट का रास्ता दिलवाने की मांग रखी। वहीं तहसील कैंपवासी जनक रानी और डाबर कॉलोनी वासी उमा देवी ने नई पेंशन बनवाने के लिए अनुरोध पत्र दिया, इसी तरह सनौली की मुन्ना ने अपनी नाती की दिव्यांग पेंशन बनवाने के लिए अनुरोध पत्र दिया जिस पर अतिरिक्त उपायुक्त ने इन पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

Comments