Tuesday, October 27, 2026
Newspaper and Magzine


सरकार किसान की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध, मंडियों में उठान में तेजी लाएं अधिकारी: एके सिंह

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 27, 2026 Tags: , , , , ,

धान खरीद और लिफ्टिंग में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, किसानों को परेशानी हुई तो होगी जवाबदेही: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

अगले तीन दिनों में मंडियों से धान उठान का कार्य पूरा करने का लक्ष्य, अधिकारियों को दिए निर्देश

मंडियों की व्यवस्था पर प्रशासन की नजर, किसानों को नहीं होने दी जाएगी कोई परेशानी

BOL PANIPAT , 27 अक्टूबर। हरियाणा उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह ने मंगलवार को जिला सचिवालय सभागार में जिले की मंडियों में धान की खरीद और उठान की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक हुई खरीद, मंडियों में शेष धान और लिफ्टिंग की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ से प्रत्येक मंडी की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की और जिन मंडियों में उठान में देरी हो रही है, वहां देरी के कारणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एके सिंह ने कहा कि सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। धान खरीद प्रक्रिया में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और इस दिशा में सभी संबंधित अधिकारी विशेष संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि मंडियों में खरीद व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ खरीदे गए धान का समय पर उठान सुनिश्चित करना भी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिन मंडियों में लिफ्टिंग की गति धीमी है, वहां संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए उठान में तेजी लाएं। किसानों को अपनी फसल बेचने और मंडियों में उपज लाने के दौरान अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडीवार स्थिति पर लगातार नजर रखें और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अतिरिक्त मुख्य सचिव को जिले की मंडियों में धान खरीद और उठान की स्थिति से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि पानीपत जिले में बासमती धान का उत्पादन अधिक होता है, जबकि दालों आदि की पैदावार अपेक्षाकृत कम है। मंडियों में खरीद और उठान की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है तथा लिफ्टिंग की गति बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को मंडियों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। विश्व में मंडियो का विजिट कर चुके है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को मंडियों में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। धान उठान में तेजी लाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी तीन दिनों में मंडियों से शेष धान के उठान का कार्य तेजी से पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और मंडीवार प्रगति पर नजर रखने को कहा गया है। बैठक में एसडीएम मनदीप कुमार, डीआरओ कण्व लाकड़ा, तहसीलदार मनोज, वीरेंद्र गिल, तहसीलदार नरेंद्र दलाल, बंसी, डीडीए बलवंत सहारण, सचिव आशा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply