Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के कलाकारों ने हरियाणा राजभवन में महामहिम राज्यपाल और मुख्यमंत्री हरियाणा के समक्ष राज्य स्तरीय हरियाणा दिवस के अवसर पर अपनी प्रतिभा के बिखेरे जलवे

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at November 5, 2024 Tags: , , , ,

महामहिम राज्यपाल बण्डारू दत्तारेय सभी पांच प्रस्तुतियों के लिए की नकद पुरस्कार देने की घोषणा

BOL PANIPAT , 05 नवम्बर, एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के हरियाणवी रसिया के कलाकारों ने हरियाणा राजभवन चंडीगढ़ में महामहिम राज्यपाल श्री बण्डारू दत्तारेय और मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी के समक्ष राज्य स्तरीय हरियाणा दिवस के अवसर पर अपनी प्रतिभा के जलवे बिखेरते हुए हरियाणवी रसिया नृत्य से सभी का मन मोह लिया । राज्य स्तरीय समारोह में महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नियों, कृष्ण लाल पंवार पंचायत और खनन मंत्री, महिपाल डांडा शिक्षा मंत्री, अनिल विज परिवहन एवं उर्जा मंत्री, हरविन्द्र सिंह कल्याण विधान सभा स्पीकर, विभिन्न एसीएस, गणमान्य व्यक्तियों आदि ने इस सांस्कृतिक आयोजन में शिरकत की । विदित रहे कि हाल ही में 25 से 28 अक्टूबर तक कुरुक्षेत्र में आयोजित प्रदेश के सबसे बड़े रत्नावली समारोह में एसडी पीजी कॉलेज के हरियाणवी रसिया नृत्य के कलाकाओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए नृत्य की ट्राफी पर कब्ज़ा किया जिसके चलते ही उन्हें राजभवन में आयोजित इस प्रतिष्ठित समारोह में हिस्सा लेने का सुअवसर प्राप्त हुआ । राज्य स्तरीय समारोह में एक नृत्य हिमाचल से, एक नृत्य राजस्थान से, एक नृत्य पंजाब से और दो नृत्य हरियाणा से चयनित किये गए जिसमें से एक का गौरव एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की टीम को मिला । टीम की हौंसला अफजाई प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा, कॉलेज में सांस्कृतिक गतिविधियों की प्रभारी डॉ संगीता गुप्ता और डॉ एसएम गुप्ता ने की । छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुति से महामहिम श्री बण्डारू दत्तारेय गदगद नज़र आये और उन्होनें पाँचों प्रस्तुतियों को कुल पांच लाख के नकद इनाम से पुरस्कृत करने की घोषणा की जिसमें एक टीम एसडी पीजी कॉलेज की रही । हरियाणवी रसिया नृत्य में सागर अरोड़ा, वंश, अरुण कुमार, हन्नी, अमन कुमार जांगड़ा, नीरू भारद्वाज, सिमरन, प्रीती, रजनी शर्मा, सीमा रानी, रोहित शर्मा और जयंत कम्बोज ने हिस्सा लिया । निर्देशक विशाल और चेतन, मेकअप आर्टिस्ट सूरज और संगीतकार माधव, सुरजीत सिंह, बबलू और मोहित कुमार के निर्देशन में कलाकारों का प्रदर्शन उच्च श्रेणी का रहा । कलाकारों के कॉलेज प्रांगण में पहुँचने पर उनका शानदार स्वागत कॉलेज प्रधान दिनेश गोयल, उप-प्रधान राजीव गर्ग, जनरल सेक्रेटरी महेंद्र अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विशाल गोयल, प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा और डॉ संगीता गुप्ता ने किया । 

दिनेश गोयल प्रधान ने कहा कि राज्य स्तरीय हरियाणा दिवस के शुभ अवसर पर राजभवन का हिस्सा बनने मात्र से युवाओं में असीमित उर्जा का समावेश हुआ है और फिर पुरस्कार पाना तो अपने आप में एक बड़ी बात है । इस आयोजन में कलाकारों ने  न सिर्फ अपने कौशल और जुनून का प्रदर्शन किया है बल्कि इससे उनका व्यक्तित्व भी निखर का सामने आया है । कॉलेज को अपने हर एक प्रतिभागी पर गर्व है जिन्होनें राजभवन में जाकर कॉलेज का नाम रोशन किया है ।  

      डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि 47 जोनल युवा महोत्सव में शानदार प्रदर्शन के आधार पर थिएटर और नृत्य विधाओं की ट्राफी एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के नाम हुई जो बहुत बड़ी उपलब्धि रही ।  फिर यही उपलब्धि रत्नावली महोत्सव तक जारी रही है । अब कॉलेज के इन होनहारों ने राज्य स्तरीय हरियाणा दिवस समारोह में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर कॉलेज का नाम रोशन किया है । राज्य स्तरीय महोत्सव युवाओं में आत्मविश्वास पैदा करता है और उन्हें अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा और हुनर को दिखाने का अवसर प्रदान करता है ।

     डॉ संगीता गुप्ता ने कॉलेज कलाकारों की जमकर तारीफ़ करते हुए उनकी मेहनत और अनुशासन की जमकर तारीफ़ की और कॉलेज इतिहास के लिए एक सुनहरा पल बताया । उच्च कोटि के प्रदर्शन को सैदेव सभी की सराहना और प्रशंसा मिलती ही है ।

Comments