Thursday, August 27, 2026
Newspaper and Magzine


प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए शानदार स्वागत पार्टी का आयोजन।

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at August 27, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : बायोलॉजिकल एसोसिएशन द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उनके महाविद्यालयीन जीवन को यादगार बनाने के उद्देश्य से एक भव्य फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों का वरिष्ठ विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से परिचय करवाना तथा उनमें आत्मविश्वास, सौहार्द एवं टीम भावना को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह और प्राध्यापक वर्ग द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अपने स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने नए छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए कहा, “महाविद्यालय जीवन केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपके संपूर्ण व्यक्तित्व के विकास का एक सुनहरा अवसर है।”
उप-प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि फ्रेशर पार्टी नए विद्यार्थियों के लिए अपने सहपाठियों और वरिष्ठ विद्यार्थियों के साथ सहज एवं मैत्रीपूर्ण वातावरण बनाने का सुंदर अवसर है।
इसके पश्चात वनस्पति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. निधान सिंह और प्राणी विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. पवन कुमार ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। डॉ. निधान सिंह ने छात्रों को अकादमिक उत्कृष्टता और शोध के महत्व से अवगत कराया, वहीं प्रो. पवन कुमार ने विद्यार्थियों को अनुशासित रहकर अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उन्हें अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ अपने शैक्षणिक जीवन की शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन छात्राओं स्नेहा एवं देशना द्वारा अत्यंत प्रभावशाली एवं मनोरंजक ढंग से किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और पूरे वातावरण को उल्लास एवं उत्साह से भर दिया।
समारोह में सीनियर छात्रों द्वारा कई सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। सोलो और ग्रुप डांस, म्यूजिकल परफॉर्मेंस और भांगड़ा ने पूरे माहौल को ऊर्जा से भर दिया। प्रथम वर्ष के नए विद्यार्थियों के लिए ‘मिस्टर एवं मिस फ्रेशर’ प्रतियोगिता का भी विशेष आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने कैटवॉक और टैलेंट राउंड में अपने हुनर का प्रदर्शन किया।
निर्णायक मंडल के निर्णय के आधार पर हिमांशु को ‘मिस्टर फ्रेशर’ और आँचल को ‘मिस फ्रेशर’ के खिताब से नवाजा गया। प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह और सभी उपस्थित प्राध्यापकों ने विजेताओं को  सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. सुनित शर्मा, डॉ. विक्रम, प्रो. अजयपाल, डॉ. प्रवीण, प्रो. अश्विनी गुप्ता, प्रो. वसुंधरा, प्रो. सुमित शर्मा भी उपस्थित रहे और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जीव विज्ञान परिषद के प्राध्यापक संयोजकों प्रो. नीलम, प्रो अंजूश्री, प्रो. रजनी, प्रो. स्वाति, शोध विद्यार्थी योगेश, खुशी शर्मा, परिचर शालू और नवीन का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के लिए सुखद एवं यादगार अनुभव के साथ हुआ। फ्रेशर पार्टी ने नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिवार से जुड़ने का अवसर प्रदान किया और उनमें आत्मविश्वास, मित्रता, रचनात्मकता एवं टीम भावना को मजबूत किया।

Comments


Leave a Reply