एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में राष्ट्रीय बालिका दिवस कन्या भागीदारी के रूप में मनाया.
–स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं ने ली समाज से बुराइयों और भेदभाव के खात्मे की शपथ
–वे सभी अभिभावक धन्य है जो अपनी बेटियों को पढ़ाते और आगे बढाते है: नरेश गोयल, सेक्रेटरी श्री एसडी एजुकेशन सोसाइटी
–भारतीय संस्कृति में बेटियाँ देवी स्वरूप है, फिर भेदभाव क्यों?: रीता राय, नाट्य लेखिका एवं नाट्य निर्देशिका
–पोस्टर मेकिंग कार्यक्रम का भी आयोजन
BOL PANIPAT, 24 जनवरी, एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की एनएसएस इकाई के तत्वाधान में राष्ट्रीय बालिका दिवस पुरे जज़्बे और सम्मान भाव के साथ मनाया गया जिसमें नरेश गोयल सेक्रेटरी श्री एसडी एजुकेशन सोसाइटी (रजि.) पानीपत विशेष रूप से उपस्थित रहे । बतौर विषय विशेषज्ञ एवं मुख्य वक्ता रीता राय, नाट्य लेखिका एवं नाट्य निर्देशिका ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया । नाट्य के क्षेत्र में पारंगत रीता राय को 30 वर्षों का लम्बा अनुभव प्राप्त है और उनके द्वारा निर्देशित नाटक ‘साधना’ के अब तक 400 से अधिक मंचन हो चुके है । यह नाटक भ्रूण हत्या विषय पर आधारित है । मेहमानों का स्वागत प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा, प्रोग्राम ऑफिसर डॉ राकेश गर्ग, डॉ पवन कुमार, डॉ एसके वर्मा और डॉ मुकेश पुनिया । विदित रहे कि प्रत्येक वर्ष 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस एक उत्सव के रूप में देश की लड़कियों और महिलाओं को समर्थन देने और नए अवसर प्रदान करने के लिए मनाया जाता है । राष्ट्रीय बालिका दिवस नारी शक्ति का प्रतीक है । इस अवसर पर प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने कॉलेज के स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं को समाज से विविध बुराइयों को खत्म करने के लिए शपथ दिलाई और बालिकाओ को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने की शुभकामना दी । आज के दिन बालिका चेतना रैली का आयोजन किया गया जिसमे छात्राओं ने हाथ में प्लाकार्ड उठाये जिनपर ‘मैं शिक्षित हूँ, मैं समर्थ हूँ और मैं देश का गौरव हूँ’, ‘बेटी बोझ नहीं सम्मान है, हम सभी का मान है’, ‘बेटी है शक्ति स्वरूप करती है हर घर को रोशन’ जैसे सन्देश लिखे हुए थे । इस मौके पर पोस्टर मेकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसके सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया ।
नरेश गोयल ने कहा कि वर्तमान में देश में लड़कियों की संख्या घट रही है और यह किसी आपदा से कम नहीं है । ऐसी कठिन परिस्थिति के कारण ही हम राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाते है । समाज में आज भी बालक और बालिकाओं में भेदभाव किया जा रहा है और यही कारण है कि कुछ लोग बालिकाओं को जन्म लेने से पहले ही खत्म कर देते है । वक़्त आ गया है हम सभी मिलकर इस कुरीति को मिटाए ।
रीता राय ने अपने वेब सन्देश में कहा कि आज चाहे खेल का हो मैदान हो या राजनीति, घर हो या उद्योग हर क्षेत्र में महिलाओं ने अपनी छाप छोड़ी है । देश सेवा के हर क्षेत्र में लड़कियाँ समान रूप से भागीदारी कर रही है । उन्होनें कहा कि जब हर क्षेत्र में बालिकाएं आगे, तो फिर क्यों हम बालिकाओं से भागें । सरकार की इतनी योजनाओ के बाद आज भी बालिकाए अनेक कुरीतियों का शिकार हैं और यही कुरीतिया उनके आगे बढ़ने में बाधाएँ उत्पन्न करती है । पढ़े-लिखे लोग और जागरूक समाज भी इस समस्या से अनजान नहीं है । आज भी हज़ारों लड़कियों को जन्म लेने से पहले मार दिया जाता है और आज भी समाज में ऐसे लोग व्याप्त हैं जो अपनी बेटियों को बेटों की तरह नहीं पालते है । लड़कियों के आगे न बढ़ने का एक कारण यह भी है कि अकसर घरों में लड़की को अपने छोटे भाई-बहनों की देखभाल करने का जिम्मा दे दिया जाता है । उनको इस प्रकार से बाँध देना उनके खुद के सुधार में बाधक बन जाता है । इन्हीं सब स्थितियों और भेदभावों को मिटाने का काम ‘बालिका दिवस’ मनाने का मूल उद्देश्य है । राष्ट्रीय बालिका दिवस को सच्चे अर्थो में तभी मनाया जा सकेगा जब हम लड़का-लड़की में भेद करना त्याग देंगे और समाज के लोगों को लिंग समानता के बारे में अधिक जागरूक कर पायेंगे ।
डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि बाल विवाह व भ्रूण हत्या को रोकना, शिशु मृत्यु दर रोकना, नियमित टीकाकरण के प्रति सभी को जागरूक करना, दहेज प्रथा एवं अन्य सामाजिक समस्याओं में सुधार लाना ही इस उत्सव को मनाने का उद्देश्य है । राष्ट्रीय बालिका दिवस हमें लड़का-लड़की में भेद नहीं करने तथा समाज के लोगों को लिंग समानता के बारे में जागरूक करने का दिवस है ।
कार्यक्रम में यह शपथ बालिकाओ को दिलाई गई: ‘हम शपथ लेते है कि हम अपने जीवन में आने वाले सभी अवरोधों को पार करते हुए उच्चशिक्षा के ध्येय को प्राप्त करेंगे, अपने गाँव या नगर में बेटी बचाओ-बेटी पढाओ के अभियान की सफलता के लिए स्वयं भी प्रयास करेंगे और दूसरो को भी जागरूक व प्रेरित करेंगे तथा महिला सशक्तिकरण के माध्यम से सशक्त भारत का निर्माण करेंगे ।

Comments