मोबाइल चोरी कर ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार।
BOL PANIPAT : 16 जून 2025, जाटल रोड पर पैदल जा रहे युवक को रोककर बातों में लगा उसका मोबाइल फोन चोरी कर ठगी करने के एक आरोपी को सीआईए टू पुलिस ने रविवार शाम को सिवाह बस अड्डा के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान दिल्ली के बवाना के जेजे कॉलोनी निवासी दिलशाद उर्फ दिलावर के रूप में हुई है। मोबाइल चोरी कर एप से 9200 रूपए ट्रांसफर किए थे।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया पूछताछ में आरोपी ने दिल्ली निवासी अपने एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर चोरी, ठगी करने की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपी दिलशाद उर्फ दिलावर को पुलिस ने सोमवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से वारदात में शामिल फरार उसके साथी आरोपी के ठीकानों का पता लगा पकड़ने व चोरी किया मोबाइल फोन व ठगी गई नगदी बरामद करने का प्रयास करेगी।
यह है मामला
थाना औद्योगिक सेक्टर 29 की किशनपुरा चौकी में यूपी के बिजनौर जिला के चांगीपुर गांव हाल किरायेदार महावीर कॉलोनी निवासी सारिक पुत्र रहम अली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 24 मई को दोपहर करीब 12:15 बजे जाटल रोड से खाना लेकर महावीर कॉलोनी में जा रहा था। रास्ते में जाटल रोड पर उसे दो अज्ञात लड़के मिले। लड़को ने रोककर बातो में लगा उससे मोबाइल ले लिया। धोखाधड़ी से दोनों युवक उसका मोबाइल फोन ले गए और एप से ऑनलाइन 9200 रूपए ट्रांसफर कर लिए।
थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में सारिक की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments