सामुहिक स्वच्छता को अपनाएं. गंदगी को दूर भगाएं : सुभाष चंद्र
-जिला स्तरीय स्वच्छता जागरूकता कार्यशाला का हुआ सफल आयोजन
BOL PANIPAT , 24 जून। स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने मंगलवार को जिला सचिवालय के सभागार में जिला स्तरीय स्वच्छता जागरूकता कार्यशाला में सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें तथा वार्ड व गांव स्तर पर कमेटियां बनाएं, जिनमें स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों, एनएसएस, एनजीओ, धार्मिक संतों, भूतपूर्व सैनिकों, खिलाडिय़ों, कलाकारों व जनप्रतिनिधियों को शामिल करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता व स्वच्छ जल की मुहिम शुरू करें। वे मंगलवार को जिले के सभी खण्ड विकास अधिकारियों व पंचायत सचिवों को कार्यशाला में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यशाला में जिला को स्वच्छ रखने बारे विस्तार से जानकारी दी। बैठक उपरांत उन्होंने ओल्ड कैम्प ऑफिस में नगर निगम के सफाई निरीक्षकों के साथ बातचीत की व उन्हें सम्बोधित किया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह दूसरे चरण का अभियान है। जो 22 जिलों में एक जून से 21 जून तक चलाया गया इसके परिणाम हम सबके सामने है। उन्होंने कहा कि पानीपत छोटा जिला है। स्वच्छता के मामले में हम इसे अन्य जिलों की अपेक्षा अच्छा व प्रेरणादायी बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता जनआंदोलन का विषय है। इसमें एनसीसी व एनएसएस के विद्यार्थियों को भी शामिल करके इसे और बेहतर बनाने के प्रयास करने होंगे व सफाई कर्मचारियों की भी एक कार्यशाला महीने में खण्ड स्तर पर आयोजित करनी होगी ताकि वे प्रेरणा पाकर कार्य के प्रति और गम्भीरता दिखाएं। उन्होंने संकल्प लेने का भी आह्ïवान किया व कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक को बिल्कुल भी इस्तेमाल नही करेंगे। इसके लिए उन्होंने सभी को इसमें रूचि लेने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर 11 से 21 व्यक्तियों की कमेटी बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने जिले में कितने कचरा सेड अब तक बनाए गए हैं इसकी भी जानकारी ग्राम सचिवों से ली। उन्होंने ग्राम सचिवों से सभी तालाबों का रख-रखाव करने व साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट का भी ध्यान देने का आह्ïवान किया।
कार्यशाला में वाइस चेयरमैन ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के एक आह्वान पर सभी देशवासियों ने वर्ष 2014 से देश को स्वच्छ बनाने का बीड़ा उठाया। प्रधानमंत्री ने स्वयं अपने हाथों में झाडू लेकर श्रमदान करके देशवासियों को स्वच्छता की इस मुहिम से जुडंने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री के इस अभियान को हरियाणा प्रदेश में शुरू करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने भी श्रमदान करके नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रोत्साहित किया है। परिणामस्वरूप हरियाणा प्रदेश ने दो बार देश में स्वच्छता के नंबर-वन पायदान पर अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई है। उन्होंने कहा कि जहां पर स्वच्छता होती है, वहां पर प्रगति आती है क्योंकि स्वच्छता प्रगति व विकास का प्रतीक है, जबकि गंदगी दरिद्रता, आलस्य व बीमारी लाती है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता तथा स्वास्थ्य का सीधा संबंध होता है। अगर हमारे घर के साथ- साथ हमारा गली-मोहल्ला, गांव-शहर, प्रदेश व देश स्वच्छ रहेगा तो हम सभी नागरिक भी स्वस्थ रहेंगे तथा अपने समाज व देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवहार का विषय है तथा हम सभी को अपने व्यवहार में इसे शामिल करना होगा। यह मुहिम केवल एक पक्ष से नहीं, बल्कि सरकार व जनता दोनों पक्षों के काम करने से सफल होगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल कहने से नहीं, बल्कि – करने से आएगी। सरकार से हमारी अपेक्षाएं बहुत हैं तथा सरकार हमारी अपेक्षाओं को पूरी भी कर रही है, लेकिन स्वच्छता की अपेक्षा पूरी करने में सभी का सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि डीएमसी एवं सीईओ जिला परिषद की अध्यक्षता में कार्यशाला का आयोजन हर महीने होगा। जिसमें सफाई कर्मचारियों की कार्यशाला होगी। जिसमें काम के प्रति प्रोत्साहन स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता को लेकर जन आंदोलन बनाना होगा। इसमें पदम श्री अवार्ड से सम्मानित डॉ. संतराम देशवाल को भी शामिल किया गया है। स्वस्थ भारत मिशन को एक सामाजिक मिशन बनाना पड़ेगा। जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भूमिका होगी। क्योंकि जमीनी स्तर पर इस मिशन में समाज का प्रत्येक वर्ग भूमिका का निर्वाह करके इस मिशन को सफल बना सकता है। क्योंकि इस मिशन को सफल बनाने के लिए प्रशासन को समाज के प्रत्येक वर्ग की आवश्यकता है। जिससे स्वस्थ भारत मिशन को सफल बनाया जा सकता है। इस दौरान सीईओ जिला परिषद डॉ. किरण सिंह, डीडीपीओ राकेश शर्मा, जिला परिषद डिप्टी सीईओ कंचनलता के अलावा सभी ब्लॉको से खंड विकास अधिकारी, पंचायत सचिव व जिला टास्क फोर्स के सदस्य मौजूद रहे।

Comments