कांवड़ यात्रा को लेकर जिला पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ की समन्वय बैठक. सुरक्षा संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर हुई चर्चा.
BOL PANIPAT : 09 जुलाई 2025, कावड़ यात्रा के शांतिपूर्ण आयोजन के मद्देनजर जिला पुलिस व यूपी पुलिस के अधिकारियों ने सामंजस्य स्थापित करने के लिए बुधवार को समालखा उप पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में 11 से 23 जुलाई तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान कावड़ियों की सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदूओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
उप पुलिस अधीक्षक समालखा नरेंद्र सिंह कादियान ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उप पुलिस अधीक्षक नवीन संधु, उप पुलिस अधीक्षक कैराना श्याम सिंह, कैराना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मेंद, कैराना यमुना पुल चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार, बापौली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज, थाना सनौली प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप, समालखा थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर दीपक, समालखा चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर जितेंद्र, हथवाला चौकी इंचार्ज एएसआई बालेश समालखा ट्रेफिक इंचार्ज एएसआई सतीश व टीएसी इंचार्ज एएसआई कुलदीप मौजूद रहें।
बैठक में मुख्य रूप से कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपसी तालमेल को लेकर चर्चा की गई। दोनों प्रदेशों की पुलिस ने इस बात पर जोर दिया कि कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो।
’भारी वाहनों की आवाजाही पर रहेगा प्रतिबंध’
बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों के मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। यह प्रतिबंध विशेष रूप से उन मार्गों पर रहेगा, जिन पर पैदल कांवड़िए चलते हैं। इसके अलावा वैकल्पिक मार्गों की भी पहचान की जा रही है ताकि स्थानीय लोगों को भी अधिक दिक्कत न हो। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के चलने के लिए सेंड बैग के साथ रस्सा लगाकर अलग लेन सुनिश्चित की जाएगी।
सभी थाना प्रबंधक, चौकी इंचार्ज समय रहते अपने क्षेत्र में कांवड़ आयोजक समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्देशित करें कि सभी कांवड़िए और आयोजक अपना पहचान पत्र साथ रखें। कांवड़ियों की सेवा व विश्राम करने के लिए यात्रा के दौरान विभिन्न संस्थाओं व श्रद्धालुओं द्वारा विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जाते हैं। प्रशासन से अनुमति लेकर शिविर लगाए और निर्धारित किये नियमों की पालना करें। सड़क से 50 फीट अंदर शिविर का पंडाल लगाए। पार्किग व्यवस्था भी सड़क से दूर रखनी होगी, साथ ही बैरिकेडिंग करवाएं। पंडाल पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था करें। कांवड़ यात्रा में लाठी डंडे, नुकीले भाले इत्यादी लेकर चलने पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। ध्वनि प्रदूषण के संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी किए निर्देशों की पालना कराना सुनिश्चित किया जाए।
’मीट की दुकानें रहेंगी बंद’
श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए, कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली मीट की दुकानों को यात्रा अवधि में बंद रखने का निर्णय भी लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस निर्णय को सख्ती से लागू किया जाएगा और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
मौजूद दोनों प्रदेश की पुलिस ने एक-दूसरे का आभार जताया और भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दोनों प्रदेश की पुलिस एकजुट होकर कार्य करेंगी। यात्रा के दौरान किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Comments