पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स ने 27वां स्थापना दिवस मनाया.
BOL PANIPAT :- 14 जुलाई, 2025, इंडियन ऑयल की प्रमुख और सबसे बड़े एकीकृत पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स, पानीपत रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी), ने 12 जुलाई 2025 को उत्साह और जोश के साथ अपना 27वां स्थापना दिवस मनाया। इस शुभ अवसर पर जारी अपने संदेश मे एम एल डहरीया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी ने अपने सभी सहयोगियों एवं उनके परिजनों को पीआरपीसी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी।
कार्यक्रम का आयोजन पानीपत रिफ़ाइनरी के मुख्य कंट्रोल रूम में हुआ । एम एल डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफ़ाइनरी प्रमुख ने अजय कैला, कार्यकारी निदेशक (कोर ग्रुप) मुख्य-महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारियों, अधिकारी संघ एवं कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पीआरपीसी शपथ दिलाई। उन्होने इस शपथ के द्वारा पीआरपीसीएन्स से पीआरपीसी परिसर को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए समर्पण, दृढ़ता और जुनून के साथ अपना काम जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
इस शुभ अवसर पर, ए एस साहनी ,अध्यक्ष, इंडियन ऑयल और अरविंद कुमार निदेशक (रिफ़ाइनरिज़) एवं अतिरिक्त प्रभार निदेशक (पइपलाइन्स) ने पीआरपीसीएन्स को संदेश के माध्यम से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान, एस के गुप्ता, अध्यक्ष आईपीआरईयू तथा आशुतोष पांडे, सचिव, आईओओए ने भी अपनी शुभकामनाएं दीं और सभी से एकजुटता की भावना के साथ काम करने और कड़ी मेहनत करने की अपील की ताकि पीआरपीसी का झंडा हमेशा ऊंचा बना रहे। ।
इस विशेष अवसर पर संबोधित करते हुए, एम. एल. डहरिया ने बीते वर्ष में पीआरपीसी द्वारा हासिल की गई उल्लेखनीय उपलब्धियों और प्रतिष्ठित पुरस्कारों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरी टीम को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ये सफलताएं पीआरपीसी परिवार के समर्पण, ऊर्जा और जुनून की सशक्त अभिव्यक्ति हैं। साथ ही, उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इंडियनऑयल की स्वच्छ और सतत ऊर्जा उत्पादन की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने में पीआरपीसी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।उन्होंने सभी से आग्रह किया कि रिफाइनरी में कार्य करते समय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं का पूर्णतः पालन करते हुए कार्य करें।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण अवसर पर अपने उन महान और दूरदर्शी पूर्ववर्तियों के प्रति गहन श्रद्धा और आभार व्यक्त किया, जिन्होंने पीआरपीसी की प्रतिष्ठा को ऊंचाइयों तक पहुंचाने और इसे इंडियनऑयल का गौरवशाली रत्न बनाने के लिए निरंतर परिश्रम किया। उन्होंने कहा कि इस विशेष दिन पर वे सभी लोग प्रशंसा और बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इस सफलता की गौरवमयी यात्रा में योगदान दिया है। साथ ही, उन्होंने रिफाइनरी के आसपास रहने वाले समुदायों के निरंतर सहयोग और समर्थन की भी सराहना की।
दिनभर के उत्सवओं की आगाज पीआरपीसी टाउनशिप में प्रभात फेरी से हुआ, जिसे एम. एल. डहरिया ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस प्रभात फेरी के दौरान, स्वच्छता पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत पानीपत रिफाइनरी टाउनशिप के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसके तहत स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया गया और उन्हें स्वच्छता किट वितरित की गई। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक कदम बढ़ाते हुए वृक्षारोपण भी किया गया।
पीआरपीसी दिवस के उपलक्ष्य में रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें एम. एल. डहरिया ने उपस्थितजनों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इस अवसर को चिह्नित करते हुए, एम. एल. डहरिया ने पीआरपीसी के पी-25 परियोजना क्षेत्र में नवीन रूप से स्थापित सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का उद्घाटन भी किया।
दिन के अंत में, पीआरपीसी के स्थापना दिवस को यादगार बनाने के लिए एक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया था, जिसमें डीपीएस स्कूल के छात्रों और अन्य लोगों ने विभिन्न नृत्य और गीतों की शानदार प्रस्तुति की गई।

Comments