चावला कॉलोनी में फायरिंग करने के चार आरोपी गिरफ्तार. 2 देसी पिस्तौल व 12 जिंदा रौंद बरामद
BOL PANIPAT : 18 जुलाई 2025, थाना किला क्षेत्र के अंतर्गत चावला कॉलोनी में फायरिंग करने के चार आरोपियों को सीआईए वन पुलिस ने अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया। पकड़े गए चारों आरोपी हिसार जिले के रहने वाले है। मौके पर आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्तौल व 12 जिंदा रौंद बरामद हुए है।
चावला कॉलोनी निवासी एक युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 6 जुलाई को वह और परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद थे। शाम करीब 8 बजे दो लड़के हथियारों से लैस होकर कॉलोनी में आए और पिस्तौल से फायरिंग की। आवाज सुनकर उसने व आस पड़ोस के लोगों ने बाहर निकलकर देखा दोनों लड़कों ने मुंह को कपड़े से ढका हुआ था। फायरिंग कर दोनों लड़के बाइक लेकर खड़े अपने तीसरे साथी आरोपी के पीछे बैठकर फरार हो गए। थाना किला में व्यक्ति की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालते हुए आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की जल्द से जल्द धरपकड़ के लिए सीआईए वन पुलिस टीम को जिम्मेदारी सौंप थी। सीआईए वन पुलिस टीम ने अपने सभी सोर्स एक्टिव कर वीरवार शाम को मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर चार आरोपियों को अवैध हथियारों व जिंदा रौंद सहित पेप्सी पुल के पास से काबू किया। पूछताछ में चारों आरोपियों ने फायरिंग करने की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपियों की पहचान हिसार जिले के बासं आजम शाहपुर निवासी मनीष, गुराना निवासी अशोक उर्फ काला, खानपुर निवासी सुमित व खेदड़ निवासी अमन के रूप में हुई है।
पुलिस ने पूछताछ के बाद शुक्रवार को चारों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से आरोपी अशोक व सुमित को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया व आरोपी मनीष व अमन को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों गहनता से पूछताछ करेंगी।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने अपराधियों को एक बार फिर कड़े व साफ शब्दों मे चेतावनी दी है कि जिला में अपराध व अपराधियों को किसी भी रूप में पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि उनके आसपास इस प्रकार की कोई घटना घटीत होती है तो वे निशंकोच पुलिस को सूचना दे। आरोपियों के खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिला पुलिस आमजन की सेवा, सुरक्षा व सहयोग के लिए 24 घंटे तत्पर है।

Comments