Sunday, July 5, 2026
Newspaper and Magzine


पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कावड़ यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at July 20, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 20 जुलाई 2025, जिले में सावन कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने रविवार को कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण किया। सनौली रोड, गोहाना रोड, असंध पर कांवड़ियों के आवागमन के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर बैरिकेडिंग, सफाई आदि समेत अन्य व्यवस्थाओं को जाना। ट्रैफिक डीएसपी व संबंधित थाना प्रभारियों को मौके पर ही निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग को सुरक्षित करने के लिए सेंड बैग व कोण लगाकर अलग से मार्ग उपलब्ध कराए ताकि कावड़ियों को किसी प्रकार की समस्या न हो।

कांवड़ियों की सुरक्षा व सुगम मार्ग उपलब्ध कराने के लिए पुलिस ने किए पुख्ता प्रबंध

शिवरात्रि के पावन पर्व पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु नीलकंठ/हरिद्वार से कावड़ लाकर अपने गंतव्य स्थान पर पहुंच कर भगवान शिव की आराधना करते हैं। कावड़ यात्रा के दौरान हरियाणा व राजस्थान के विभिन्न जिलों के शिवभक्त नीलकंठ/हरिद्वार से कावड़ लेकर यूपी के विभिन्न जिलों से होते हुए शामली से सनौली यमुना बार्डर के रास्ते हरियाणा के पानीपत की सीमा में प्रवेश कर विभिन्न मार्गों से होते हुए अपने गंतव्य की और प्रस्थान कर रहें हैं।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में जिला पानीपत पुलिस द्वारा जिला में कांवड़ियों को सुरक्षा व सुगम मार्ग उपलब्ध करवाने के लिए डीएसपी समालखा नरेंद्र कादियान व डीएसपी ट्रैफिक सुरेश कुमार सैनी को विशेष जिम्मेदारी सौंप पुख्ता प्रबंध किए हैं। रास्तों और शिविरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सभी थाना प्रबंधक व चौकी इंचार्जों को विशेष दिशा निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर 29 जगह नाके लगाए

जिले में कांवड़ियों की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सनौली रोड सहित शहर में विभिन्न चौक चोराहों व विभिन्न मार्गों पर 29 जगह नाके लगाए हैं। इनमें 14 नाके सनौली बार्डर, बलजीत नगर नाका, संजय चौक, सिवाह चौक, सिवाह बस स्टैंड, खोजकीपुर बार्डर नाका, बबैल के नजदीक ड्रेन पुल पर, असंध रोड नाका, एनएफएल नाका, डाहर गोल चक्कर, नहर बाइपास टी प्वाइंट, जलालपुर मोड़, समालखा पुल के नीचे, मतलौडा चौक पर दिन रात 24 घंटे लगे रहते हैं। 15 नाके सनौली एक्सप्रेस कुराड़ चौक, छाजपुर चौक से चौटाला रोड, उग्राखेड़ी चौक, शिव चौक, कमल फर्नीचर चौक, छाजपुर से चौटाला रोड पर डाडोला चौक, सिवाह फ्लाई ओवर के नीचे, भापरा मोड़, हल्दाना नाका, चुलकाना किवाना मोड़़, रामलाला चौक, बुड़शाम चौक, शाहपुर नाका, मतलौडा बस स्टैंड व नारा नाका पर सुबह 7 से रात 10 बजे तक लगे रहते हैं। इसके साथ ही 42 राइडर व ईआरवी निरंतर गश्त कर रही हैं। पैदल महिला कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए रास्ते में और कांवड़ शिविरों पर महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष रूप से ड्यूटी लगाई गई है। पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई है।

पानीपत की और से यूपी जाने वाले भारी वाहनों का रूट किया डायवर्ट

कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने देने की व्यवस्था की जा रही है। इसी के चलते पानीपत की और से सनौली व खोजकीपुर यमुना पुल से होते यूपी जाने वाले भारी वाहनों का रूट भी डायवर्ट किया है। भारी वाहन पानीपत से घरौंडा, करनाल से सहारनपुर यूपी में प्रवेश कराए जा रहे हैं।
यातायात पुलिस को तैनात कर आदेश दिए गए हैं कि चौंक-चोराहों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मी ईमानदारी व सजगता से अपना कर्तव्य निर्वहन करें ताकि किसी भी स्थिति में जाम लगने से बचा जा सके।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने वाहन चालकों से अपील है कि वे सुरक्षित वाहन चलाएं, जिससे कांवड़ियों को किसी भी तरह की दिक्कत न आए। वाहनों को धीरे से चलाएं, जिन मार्गों से कांवड़ यात्री गुजर रहे हैं वहां पर जरूरी न हो तो वाहन न लेकर जाए। यदि कांवड़ यात्रा आ रही है तो उसमें प्राथमिकता कांवड़ियों को दें। सड़क पर किसी भी कट या डायवर्जन पर अपना वाहन धीरे चलाएं, हो सके तो अपने वाहन को कुछ देर के लिए रोक ले। पवित्र कांवड़ यात्रा में सहयोग करें। कांवड़ यात्रा शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए आमजन का सहयोग बहुत जरूरी है।

Comments