इनर व्हील क्लब पानीपत मिडटाउन ने किया “ग्रीन पानीपत मिशन” का शुभारंभ
BOL PANIPAT, 29 जुलाई 2025: इनर व्हील क्लब पानीपत मिडटाउन (डिस्ट्रिक्ट 308) ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “ग्रीन पानीपत मिशन” की शुरुआत की। इस परियोजना का उद्देश्य आगामी तीन महीनों—जुलाई, अगस्त और सितंबर 2025 के दौरान पानीपत शहर में 1,00,000 पौधे लगाना है।
यह वृक्षारोपण कार्यक्रम पर्यावरण की रक्षा, हरियाली को बढ़ावा देने तथा स्वच्छ और हरा-भरा पानीपत बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। अभियान का शुभारंभ अत्यंत उत्साह के साथ किया गया और पहले ही दिन से नागरिकों में जबरदस्त जागरूकता देखने को मिली।
क्लब अध्यक्ष रूपाली चोपड़ा ने बताया कि यह केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और हरियाली का एक संकल्प है। इस मिशन के तहत लगाए गए पौधों में फलदार, छायादार और औषधीय वृक्षों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर क्लब सदस्य और बाल कल्याण समिति की चैयरपर्सन अधिवक्ता पद्मा शर्मा एवम कविता गर्ग भी मौजूद थीं
इस अभियान का लाभ सीधे तौर पर पानीपत शहर और उसके निवासियों को मिलेगा, जिससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी बल्कि पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
इनर व्हील क्लब पानीपत मिडटाउन की इस पहल की सराहना नगरवासियों और पर्यावरण प्रेमियों द्वारा की जा रही है। क्लब ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे इस अभियान में भाग लें और एक हरित भविष्य की दिशा में योगदान दें।
यह जानकारी क्लब संपादिका श्वेता मिगलानी ने दी।

Comments