Thursday, June 4, 2026
Newspaper and Magzine


युवा स्किल को अपनाने को लेकर करें मेहनत: डीसी

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 6, 2025 Tags: , , , , , ,

-भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने किया कार्यशाला का आयोजन।

-कार्यशाला में पत्रकारों ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित नीतियों पर ली जानकारी

-कार्यशाला में विभिन्न विभागों के क्षेत्रीय अधिकारियों ने भी सरकार की योजनाओं पर डाला प्रकाश

BOL PANIPAT , 6 अगस्त। स्थानीय स्काई लार्क पर्यटन केंद्र में बुधवार को भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तत्वावधान में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस वार्तालाप कार्यशाला में मीडिया से जुड़े पत्रकार, छायाकार और मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यशाला में कई विभागों के क्षेत्रीय अधिकारियों ने भी सरकार द्वारा संचालित की जारी योजनाओं को मीडिया प्रतिनिधियों के समक्ष रखा। कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया ने शिरकत करते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। हर क्षेत्र में नई तकनीक के आने से सुविधाओं में बढ़ोतरी हुई है। इसीलिए युवाओं को अपनी स्किल बढ़ाने को लेकर नए-नए अनुभव हासिल करने चाहिए। युवाओं को सरकारी नौकरियों के पीछे भागने की बजाय प्राइवेट क्षेत्र में मेहनत व लगन से आगे बढऩा चाहिए। वर्तमान में सरकारी और गैर सरकारी नौकरी में किसी भी प्रकार का अंतर दिखाई नहीं पड़ता। आईटीआई व कई ऐसे संस्थान है जिन में समय व टेक्नोलॉजी के साथ चलने की जरूरत है। वर्तमान में आईटीआई में जो पुरानी ट्रेड चल रही हैं उनके प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है।
    उपायुक्त ने कहा कि मीडिया के लिए भी कुछ नियम निर्धारित हो ताकि मीडिया का विश्वास कायम रहे। मीडिया संस्थानों में भी बहुत अच्छे-अच्छे प्रतिनिधि है जो समय समय पर समाज को नित्य नई जानकारी देकर समाज को नई दिशा प्रदान करने  का कार्य कर रहे हैं। उपायुक्त ने युवाओं से आवाहन किया कि वे घर से बाहर निकले खुद को पहचाने व संघर्ष करें। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित की जा रही अनेक महत्व कांक्षी योजनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यशाला में पीआईबी की तरफ से उपायुक्त का स्मृति चिन्ह देखकर सम्मान किया गया।

  कार्यशाला में हरियाणा स्किल डेवलोपमेंट के क्षेत्रीय निदेशक सुशील अग्रवाल ने कहा कि सरकार की ऐसी बहुत सी सामाजिक सुरक्षा योजनाएं हैं जिनका विशेष तौर पर युवा लाभ ले सकते हैं। जरूर है तो उन योजनाओं के प्रति जानकारी उपलब्ध कराने की व युवाओं को जागरूक करने की। उन्होंने सरकार द्वारा विशेष तौर पर केंद्र सरकार द्वारा संचालित की जारी कई योजनाओं को उदाहरण के तौर पर पेश किया।
  कार्यशाला में पीआईबी चंडीगढ़  की सहायक निदेशक शीनम जैन ने कहा कि सूचना के प्रसार के लिए मीडिया सबसे शक्तिशाली साधन है। खोजी पत्रकारिता पर ध्यान केंद्रित करने के अलावा, मीडिया को विकास पत्रकारिता पर भी ध्यान देना चाहिए और जमीन से सफल और सकारात्मक कहानियों पर ध्यान केंद्रित करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर रिपोर्टिंग से पहले पत्रकारों के लिए मीडिया नैतिकता और आचार संहिता पर भी जोर दिया। कुरूक्षेत्र यूनवर्सिटी के सहायक प्रोफेसर आबिद अली ने वर्तमान पत्रकारिता के नए टूल पर पत्रकारों को जानकारी दी व बताया कि नए टूल विकसित होने से किस तरह से पत्रकारिता का रास्ता आसान हो गया है। उन्होंने विभिन्न विभागों के संचालित की जा रही केन्द्र सरकार की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। कार्यशाला में नाबार्ड के डीडीएम हिमांशु खत्री ने नाबार्ड में संचालित की जा रही कई योजनाओं के अलावा नई कार्पोटिव पॉलिसी पर भी प्रकाश डाला। इएसआईसी के ज्वाईंट डायरैक्टर शगुन लाल मीणा ने ईएसआई द्वारा कर्मचारियों को दी जा रही योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

  पीआईबी चंडीगढ़  के मीडिया एवं संचार अधिकारी अहमद खान ने बताया कि कार्यशाला का आयोजन आम नागरिकों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में पत्रकारों को जागरूक करने के लिए किया गया। वार्तालाप शीर्षक वाली यह कार्यशाला सूचना और प्रसारण मंत्रालय की मीडिया आउटरीच रणनीति का हिस्सा है और सरकार की योजनाओं और नीतियों के बारे में प्रामाणिक जानकारी के साथ पत्रकारों को सशक्त बनाकर जनता और सरकार के बीच एक सेतु के रूप में कार्य करने के लिए संकल्पित है।
    कार्यशाला में तकनीकी सत्रों के बाद इंटरैक्टिव प्रश्न-उत्तर सत्र हुआ। पत्रकारों ने अपने विचार व्यक्त किए, और रचनात्मक फ़ीडबैक प्रदान की। पत्रकारों ने कार्यशाला आयोजित करने के लिए पीआईबी को भी धन्यवाद दिया और उम्मीद जताई कि भविष्य में इस तरह की और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। वार्तालाप में प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के 70 से अधिक पत्रकारों ने कार्यशाला में भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए और विभिन्न मुद्दों पर इनपुट प्रदान किए।  कार्यशाला के समापन पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुनील बसताडा ने सभी मीडिया कर्मियों का कार्यशाला में पहुंचने पर आभार जताया व इस कार्यक्रम को सफल कार्यक्रम बताया। उन्होंने विशेष तौर पर पीआईबी के सफल प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में विभिन्न समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े मीडियाकर्मी मौजूद रहे।

Comments