मतदाता सूची को सही, पारदर्शी और अद्यतन बनवाने में आम आदमी करे सहयोग: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया
-विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची की सघन समीक्षा
BOL PANIPAT , 19 दिसंबर। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार जिले में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूची को दुरुस्त करने का कार्य जारी है। इस प्रक्रिया के तहत जिले के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में वर्ष 2002 की मतदाता सूची के डेटा का वर्तमान मतदाता सूची से मिलान किया जा रहा है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्य बी.एल.ओ. (बूथ लेवल ऑफिसर) के माध्यम से बी.एल.ओ. ऐप पर किया जा रहा है। डॉ. दहिया ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा द्वारा इस कार्य की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है तथा प्रगति रिपोर्ट भी नियमित रूप से भेजी जा रही है।
जिला उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में कार्यरत बी.एल.ओ. को पूरा सहयोग प्रदान करें और अपने तथा अपने परिवार के सदस्यों से संबंधित वर्ष 2002 का मतदाता डेटा उपलब्ध करवाएं, ताकि मतदाता सूची को सही, पारदर्शी और अद्यतन बनाया जा सके। उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि नागरिकों के सहयोग से मतदाता सूची का यह महत्वपूर्ण कार्य समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकता है।

Comments