Friday, May 29, 2026
Newspaper and Magzine


हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान को बनाना होगा मास अभियान: उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 26, 2025 Tags: , , , , ,

जिले भर में 11 सप्ताह चलाया जाएगा साफ सफाई अभियान: अतिरिक्त उपायुक्त डॉक्टर पंकज

विभाग अध्यक्षों ने स्वच्छ भारत, हरित भारत की हरित प्रतिज्ञा भी ली

थानों में भी रखें अधिकारी साफ सफाई: एसपी भूपेंद्र सिंह

हर सोमवार होगी समीक्षा बैठक

अधिकारियों को अपने ऑफिस और अपने क्षेत्र में रखना होगा साफ सफाई का ध्यान

जिला सचिवालय में हर फ्लोर पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त

BOL PANIPAT , 26 अगस्त। हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने को लेकर उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया ने मंगलवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में विभिन्न विभागों के मुख्य अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया ने बताया कि साफ-सफाई अभियान एक जन जागरूकता कार्यक्रम है जिसका उद्देश्य समाज, गांव, शहर और संस्थानों को स्वच्छ और स्वस्थ रखना है। इस अभियान के अंतर्गत सडक़ें, नालियां, सरकारी कार्यालय, विद्यालय, अस्पताल, और सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान में लोगों को गंदगी न फैलाने, कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करना होगा।

  उपायुक्त ने बताया कि यह अभियान 7 नवंबर तक जिले के गांव व शहरो में निरंतर चलाया जाएगा। एनजीओ और सामाजिक संस्थाएं भी इस अभियान का हिस्सा बन सकती हैं। उपायुक्त ने बताया कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाने के उद्देश्य से 24 अगस्त से 7 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान में न केवल शहरों की सफाई पर जोर दिया जाएगा बल्कि गांवों को भी साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे। जो ग्रामीण गांव में गलियों में अपने पशुओं को नहलाते हैं, गलियों में उन्हें खड़ा करते हैं उनके चालान किए जाएंगे। जरूरत पडऩे पर एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। शहर व गांव को पूरी तरह से पॉलिथीन मुक्त किया जाएगा। उन्होंने शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से आह्वान किया कि वह एक जगह कूड़े का स्थान निर्धारित कर ले ताकि कूड़े उठाने वाली गाड़ी को असुविधा ने हो। इस अभियान की शुरुआत प्रशासन द्वारा शपथ ग्रहण से हुई, जिसमें अधिकारियो ने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

    उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि कार्यालय परिसरों को साफ-सुथरा रखा जाए और इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। रोजाना सभी अधिकारी अपने – आपने फ्लोर का निरीक्षण भी करेंगे। उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान से जिले को स्वच्छ और आकर्षक बनाने में बड़ी मदद मिलेगी और लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। यह पहल न केवल शहरों बल्कि गांवों में भी साफ-सुथरा और स्वस्थ वातावरण तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।

अतिरिक्त उपायुक्त डॉ पंकज यादव ने बताया कि सफाई अभियान की निरंतर मॉनिटरिंग के लिए हर सोमवार को सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में अब तक किए गए कार्यों की प्रगति पर चर्चा की जाएगी और आगे की रणनीति तय होगी। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी सभी स्कूलों में बच्चों को इसके प्रति जागरूक करें। गांव में मुनादी करवाएं और हर व्यक्ति को इस अभियान के साथ जोडक़र इसे सफल बनाएं।

  अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि 11 सप्ताह के इस कार्यक्रम में 4 सप्ताह लोगों को जागरूक करने में और 4 सप्ताह आसपास के क्षेत्र में कार्य करने में व अंतिम 3 सप्ताह इस उत्सव व पर्व की तरह मानने में लगाए जाएंगे। इसमें बस स्टैंड पर भी स्वच्छता को लेकर क्लिपिंग के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। रेहड़ी वालो को भी क्लिपिंग द्वारा हरित के बारे में बताया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों को उन्होंने व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर इस पर काम करने के लिए भी कहा।

      पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया की सभी थानों की भी सफाई की जाएगी, वह स्वयं भी जाकर उनका निरीक्षण करेंगे। जिन थानों में सफाई का अभाव मिला उन पर सख्ती बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि साफ सफाई के बगैर जीवन कितना निरश होता है इस पर ध्यान देने की जरूरत है। इस अभियान को हर हाल में कामयाब किया जाएगा।

  इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार, समालखा एसडीएम अमित कुमार, इसराना एसडीएम नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, डीआरओ कण्व लाकड़ा, डीएफएससी नीतू के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments