2 लाख 26 हजार 389 विद्यार्थियों ने दी सड़क सुरक्षा नियमों की परीक्षा
890 स्कूलों और 21 कॉलेज/औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में हुआ परीक्षा का आयोजन, कक्षा 3 से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
BOL PANIPAT , 31 अगस्त : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में जिला यातायात पुलिस ने शिक्षा विभाग के सहयोग से सोमवार को जिलेभर में स्कूल, कॉलेज एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान स्तर पर सड़क सुरक्षा प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित करवाई। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ यातायात नियमों की जानकारी देने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित परीक्षा में जिले के 2 लाख 26 हजार 389 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा का आयोजन जिले के 890 स्कूलों तथा 21 कॉलेजों एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में किया गया।
उप पुलिस अधीक्षक यातायात सुरेश कुमार सैनी ने यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया । उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
सड़क सुरक्षा प्रतियोगिता परीक्षा चार स्तरों में आयोजित की गई। प्रथम स्तर में कक्षा तीसरी से पांचवीं, दूसरे स्तर में कक्षा छठी से आठवीं, तीसरे स्तर में कक्षा नौवीं से बारहवीं तथा चौथे स्तर में कॉलेज एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। प्रथम स्तर की परीक्षा में यातायात नियमों से संबंधित 20, दूसरे स्तर में 25 तथा तीसरे और चौथे स्तर में 30 प्रश्न पूछे गए।
उप पुलिस अधीक्षक यातायात सुरेश कुमार सैनी ने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा प्रत्येक वर्ष स्कूल एवं कॉलेज स्तर पर ट्रैफिक क्विज प्रतियोगिता आयोजित करवाने का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों की अधिक से अधिक जानकारी देना और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। जागरूकता के माध्यम से सड़क हादसों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में सड़क हादसे लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं। इन हादसों में बड़ी संख्या में लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती है। सड़क हादसों में 16 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की संख्या भी काफी अधिक रहती है। ऐसे में युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। युवा वर्ग नियमों का पालन करेगा और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेगा तो सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती है।
खंड से प्रदेश स्तर तक पहुंचेगी प्रतियोगिता
उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि स्कूल एवं कॉलेज स्तर पर आयोजित परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी खंड स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। खंड स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी जिला, रेंज और प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

Comments