1 सितम्बर को सीपीआई की दिल्ली रैली में हरियाणा से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे.
BOL PANIPAT : 31 अगस्त सीपीआई के राज्य सचिव कामरेड दरियाव सिंह कश्यप ने आज यहाँ बताया कि सीपीआई की 1 सितम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ” बदलाव जरुरी है रैली “में हरियाणा भर से हजारों कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली की तैयारी में सीपीआई के जिला स्तर के नेताओं, कार्यकर्ताओं ने राज्य के सैंकड़ों गांवों और शहरों की सैंकड़ों कालौनियों में व्यापक जन सम्पर्क अभियान चलाया और लगभग 25 हजार पर्चे वितरित करके लोगों को रैली की मांगों से परिचित कराया।

कामरेड कश्यप ने कहा कि आज हम दिल्ली सिर्फ एक रैली के लिए नहीं, बल्कि देश के भविष्य के लिए अपनी आवाज बुलंद करने के लिए इकट्ठा हो रहे हैं।
देश में महंगाई बढ़ रही है, बेरोजगारी बढ़ रही है, किसान और मजदूर परेशान हैं, युवाओं के सामने रोजगार का संकट है। छात्रों के सामने पेपर लीक व महंगी शिक्षा का सवाल है।आम आदमी की मेहनत की कमाई पर लगातार बोझ बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अब सवाल है कि—क्या हम चुप बैठे रहें?
नहीं! भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने आह्वान किया है—
1 सितम्बर को दिल्ली चलो!
रामलीला मैदान चलो!
बदलाव के लिए आवाज बुलंद करो!
हमें ऐसी नीतियां चाहिए जो किसान को उसकी फसल का उचित दाम, मजदूर को सम्मानजनक मजदूरी, नौजवान को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा और हर नागरिक को शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान दें। आदिवासियों को जल, जंगल, जमीन का अधिकार मिले, दलितों, अल्पसंख्यकों पर हमले बंद हों।
हम लोकतंत्र, संविधान और धर्मनिरपेक्षता की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे।
हम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की सभी जिला इकाइयों से रैली की पूरी तैयारी करने की सूचना मिली है और सभी जिलों से कार्यकर्ता एवं समर्थक बसों, नीजि वाहनों एवं विभिन्न रेलगाड़ियों द्वारा दिल्ली रैली में शामिल होंगे।

Comments