भारत विश्व का सबसे सफलतम लोकतंत्र है – आचार्य वेद मित्र
-लोकतंत्र विश्व की अनोखी शासन प्रणाली है – अशोक आर्य
BOL PANIPAT : 15 सितम्बर ,आर्य बाल भारती विद्यालय में विश्व लोकतंत्र दिवस मनाया गया जिसके मुख्य अतिथि देवऋषि विद्यापीठ, नंदगढ़ (जींद) के संचालक वेद मित्र रहे | एक राष्ट्र एक चुनाव अभियान के जिला संयोजक ईश कुमार राणा, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी ओम दत्त आर्य, आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रबंधक रामपाल आर्य विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे| उप प्राचार्य जगदीश चहल ने कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी| इस अवसर पर भारतीय लोकतंत्र विश्व का सबसे सफल लोकतंत्र विषय पर एक भाषण प्रतियोगिता भी करवाई गई जिसमें हिंदुस्तान एंड गाइड ने प्रथम, ऋषि दयानंद सदन ने दूसरा और स्वामी श्रद्धानंद सदन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया | गायंत्री मंत्र के साथ कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ और शांति पाठ के साथ कार्यकम सम्पन्न हो गया| इस अवसर पर आचार्य वेद मित्र को विद्यालय की ओर से सम्मानित किया गया| यह जानकारी विद्यालय के प्रधान रणदीप आर्य ने दी|
आचार्य वेद मित्र ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र ही नहीं विश्व का सबसे सफलतम लोकतंत्र भी है और भारत को विश्व का सबसे महान लोकतंत्र भी माना जाता है| उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब भारत के लगभग सभी निकटवर्ती देशों में उपद्रवियों ने तख्तापलट किया है जबकि भारत का लोकतंत्र अब अडिग होकर खड़ा है | उन्होंने कहा कि भारत में प्राचीन काल से ही सभी सामाजिक समस्याओं का समाधान पंचायतों के माध्यम से किया जाता रहा है और लोकतंत्र का आधार भी आपसी सहयोग और अन्त्योदय ही रहा है | उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन का मुख्य लक्ष्य मोक्ष प्राप्त करना होता है| इंसान को उसकी चेतना और उसकी खोज अन्य प्राणियों से अलग बनाती है और मनुष्य विभिन्न परिस्थितियों से गुजरते हुए जब इच्छाओं, सुख, दुःख, सफलता और असफलता जैसे बंधनों से बाहर निकलने की स्थिति में आ जाता है उसे ही मोक्ष कहते हैं | मोक्ष शांति, आनंद और स्वतंत्रता की चरम स्थिति भी होती है | उन्होंने कहा कि सभी आर्य शिक्षण संस्थाएं ऋषि दयानंद और स्वामी श्रद्धानंद के बताए मार्ग पर चलते हुए छात्रों को जहाँ उच्च कोटि की शिक्षा देती हैं वहीं उच्च कोटि के वैदिक संस्कार देने के सभी प्रयास कर रही हैं | इस समय विश्व में लगभग 10 हजार से अधिक आर्य संस्थाएं वैदिक प्रचार के साथ-साथ लोकतंत्र को मजबूत बनाने के प्रयास भी कर रही हैं | मौजूदा सरकार में सत्य सनातन वैदिक धर्म को पूर्व से कही ज्यादा सम्मान मिला है |
प्राचार्य डॉ. अशोक आर्य ने कहा कि लोकतंत्र विश्व की अनोखी शासन प्रणाली है| उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति विश्व की सबसे प्राचीन संस्कृति है | इस संस्कृति में बुजुर्गों को सबसे अधिक सम्मान दिया जाता है | बुजुर्गों का आशीर्वाद जीवन में सुख-शांति और समृद्धि लाता है। उनके साथ समय बिताने से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। लेकिन पाश्चात्य संस्कृति के बढ़ते प्रभाव, बढ़ते शहरीकरण, बढ़ती वृद्धाश्रमों की संख्या और टूटते संयुक्त परिवारों के कारण समाज में वृद्धों को पहले जैसा सम्मान नहीं मिल पा रहा है | वर्तमान परिवेश में स्कूली शिक्षा में भी नैतिक शिक्षा और सनातन संस्कारों का समावेश होना चाहिए | यदि भारत को विकसित राष्ट्र और जगत गुरु होने का सम्मान दिलाना है तो युवाओं को जहाँ अपने सनातन संस्कारों पर ध्यान देना होगा वहीं स्वदेशी अपना कर विदेशी मुद्रा की बचत भी करनी होगी|

Comments