रक्तदान से न केवल जीवन बचता है. यह समाज के प्रति व्यक्ति की जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को भी दर्शाता है: कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट ने लगाया विशाल रक्तदान शिविर
BOL PANIPAT , 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75 वे जन्म दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को जीटी रोड स्थित गौशाला मंदिर हाल में महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ हरियाणा के पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने शिविर में पहुंचे रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें रक्तदाता बैज पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्त से बड़ा कोई दान नहीं है। रक्तदान से न केवल जीवन बचता है, बल्कि यह समाज के प्रति व्यक्ति की जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को भी दर्शाता है। उन्होंने सभी युवाओं से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से रक्तदान कर समाज सेवा में योगदान दें।
महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से मंत्री कृष्ण लाल पंवार का शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को समाजसेवा को समर्पित करते हुए यह शिविर आयोजित किया गया है ताकि अधिक से अधिक लोग रक्तदान की प्रेरणा लें और जरूरतमंदों की मदद हो सके।
समाचार लिखे जाने तक शिविर में 450 से अधिक रक्तदाताओं ने भाग लेकर रक्तदान किया था। इनमें कई नियमित रक्तदाता भी शामिल थे। 25वीं बार रक्तदान करने वाले डोनर अमित ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जब उनका रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में काम आता है तो उन्हें आत्मिक संतोष और गर्व की अनुभूति होगी। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल एक पुण्य कार्य है, बल्कि यह स्वस्थ जीवन जीने की ओर भी प्रेरित करता है।
शिविर में बड़ी संख्या में युवा, सामाजिक संगठनों के सदस्य और आमजन शामिल हुए। आयोजन स्थल पर उत्साह और सेवा की भावना स्पष्ट झलक रही थी। रक्तदाताओं के लिए आवश्यक स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई थी और उन्हें पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सभी ने संकल्प लिया कि रक्तदान को समाज सेवा का महाअभियान बनाकर इसे निरंतर जारी रखा जाएगा।

Comments