Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


16 अक्टूबर को आर्य कॉलेज में होगा भव्य रोजगार मेला आयोजित

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 10, 2025 Tags: , , , , ,

ग्रामीण युवाओं के लिए सुनहरा अवसर. महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता को मिलेगा नया मंच. 100 से अधिक कंपनियां लेंगी भाग.

BOL PANIPAT , 10 अक्टूबर। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिला पानीपत में ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण सिंह ने जानकारी दी कि मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप गरीब परिवारों को लाभकारी स्व-रोजगार और कुशल वेतन आधारित रोजगार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से एक भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला 16 अक्टूबर को आर्य कॉलेज के प्रांगण में आयोजित किया जाएगा, जिसमें चार हजार से पांच हजार प्रतिभागियों के भाग लेने की संभावना है। मेले में हरियाणा सहित अन्य राज्यों की लगभग 100 नामी कंपनियां भाग लेंगी जो युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में नौकरियां प्रदान करेंगी। रोजगार मेले में पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे तथा मेले में चयनित युवाओं को जॉब ऑफर लेटर भी वितरित करेंगे।

    सीईओ ने बताया कि पानीपत जिले में अब तक 2200 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया जा चुका है, जिनसे लगभग 25 हजार से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हुई हैं। ये महिलाएं न केवल अपनी बचत बढ़ा रही हैं, बल्कि विभिन्न आजीविका गतिविधियों में भी भागीदारी कर रही हैं। मिशन के तहत महिलाओं को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता, बैंक ऋण और प्रशिक्षण के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय कौशल योजना के तहत युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें निजी कंपनियों में रोजगार दिलाने की योजना भी इस मेले का हिस्सा होगी। रोजगार मेले में एक विशेष आकर्षण के रूप में स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री हेतु स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जो ग्रामीण महिलाओं के हुनर को सामने लाने का एक बेहतर अवसर साबित होंगे। उन्होंने बताया कि इच्छुक युवा और महिलाएं रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अपने दस्तावेज़ों के साथ समय पर पहुंचें।

Comments