अधिकारी शिकायतो की तह तक जाकर उसका निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान करें: एसडीएम मनदीप कुमार
-समाधान शिविर सुशासन और सेवा भावना को बनाते सशक्त: नगराधीश टीनू पोसवाल
-पुलिस कर रही तत्परता से कार्य, हर नागरिक को मिल रहा समयबद्ध रूप से न्याय: डीएसपी सतीश वत्स
-शिविर के माध्यम से जनता की आवाज़ सीधे पहुंच रही प्रशासन तक
-जनता समाधान शिविर बना जनसंपर्क का ख़ास सेतु
BOL PANIPAT , 30 अक्टूबर। जिला सचिवालय में उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया के कुशल मार्गदर्शन में गुरुवार को आयोजित जनता समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याओं की गंभीरता से सुनवाई की गई। शिविर का उद्देश्य जन शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी निवारण सुनिश्चित करना प्रमुख रूप से है।
जिला सचिवालय सभागार में गुरुवार को शिविर की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम मनदीप कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक शिकायत की तह तक जाकर उसका तेज़, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का दायित्व केवल सुनना नहीं, बल्कि जनता को वास्तविक राहत प्रदान करना है।
नगराधीश टीनू पोसवाल ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को कम से कम समय में दूर कर जनता को खुशी और भरोसा देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर सुशासन और सेवा भावना को सशक्त बनाते हैं। हमारा लक्ष्य है हर नागरिक की समस्या का त्वरित समाधान हो।
शिविर में उपस्थित डीएसपी सतीश वत्स ने कहा कि पुलिस का काम जनता के हितों का ध्यान रखना है, और इसी दिशा में पुलिस अपनी भूमिका पूरी जिम्मेदारी से निभा रही है।
डीएसपी ने कहा कि जनता समाधान शिविर में दर्ज शिकायतों पर पुलिस तत्परता से कार्य कर रही है ताकि हर नागरिक को न्याय मिले। शिविर में पुलिस पेंशन, क्रेडिट विभाग और अन्य विभागों से संबंधित कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुईं। एसडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि प्रशासन के ये शिविर नागरिकों और शासन के बीच विश्वास और पारदर्शिता का मजबूत सेतु बन रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि हर शिकायत का समाधान स्थल पर ही हो, और हर नागरिक को न्याय व सुविधा मिल सके।
शिविर में प्रार्थी सुनीता ने दिव्यांग पेंशन बनवाने के लिए प्रशासन से अपील की। प्रार्थी गीता ने विधवा पेंशन कटवाने बारे प्रशासन से अनुरोध किया। उन्होंने प्रशासन को इसका ठोस रीजन भी बताया। प्रार्थी विनय गुप्ता ने सेक्टर 12 में एससी ओ नंबर 1 से 8 के पीछे वाली सडक़ पर गंदे पानी का समाधान करवाने की अपील की।
प्रार्थी बबीता वासी जोरासी ने प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त दिलवाने की प्रशासन से अपील की। इस मौके पर डीएचओ शार्दुल शंकर, डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी, कृषि सहायक अभियंता सुधीर, कंप्लेंड सहायक रमेश कुमार, जोगिंदर आदि मौजूद रहे।

Comments