विधायक प्रमोद विज और उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया का सख्त आदेश अवैध अतिक्रमणों पर शून्य सहनशीलता, जेसीबी से सफाया शीघ्र
-ट्रांसपोर्ट नगर व सेक्टर 25 पार्ट 2 में प्रशासन की मजबूत कार्रवाई करने का ऐलान
-अवैध कब्जे वालों के लिए कड़ा संदेश, कंटेनर सीज और धारा 133 के तहत कारवाई अंजाम तक
-शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का बड़ा अभियान, विधायक प्रमोद विज व डीसी डॉ. विरेंदर दहिया बोले अब कोई समझौता नहीं
-अवैध अतिक्रमण हटाने की बड़ी मुहिम शासन और प्रशासन जनकल्याण के लिए हुआ सख्त
BOL PANIPAT , 30 अक्टूबर। शहर में बढ़ते अवैध अतिक्रमण और झुग्गियों को हटाने को लेकर शासन और प्रशासन ने बड़ा फैसला ले लिया है। अब शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए एक व्यापक ड्राइव शुरू की जा रही है, जिसका असर बहुत जल्द पूरे पानीपत में दिखाई देगा। इस अभियान को पूरी तरह जनकल्याण के उद्देश्य से शुरू किया गया है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण मिल सके।
गुरुवार को जिला सचिवालय में शहरी विधायक प्रमोद विज और उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने अधिकारियों के साथ इस अभियान को प्रारंभ करने को लेकर विशेष बैठक की। बैठक में उपायुक्त और विधायक ने अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब शहर में कहीं भी अवैध झुग्गी या अतिक्रमण नजर नहीं आना चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि शासन की मंशा साफ है। शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाना। जो लोग अवैध कब्जा कर शहर की व्यवस्था बिगाड़ रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का अब समय आ गया है। प्रशासन किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा। जिन स्थानों पर बजरी डाली गई है या कंटेनर रखे गए हैं, उन्हें तुरंत सीज किया जाएगा और संबंधित लोगों के खिलाफ धारा 133 के तहत मामला दर्ज होगा।
विधायक प्रमोद विज ने इस अभियान को लेकर स्पष्ट कहा कि यह कदम पूरी तरह जनहित में उठाया गया निर्णय है। उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर और सेक्टर-25 पार्ट-2 में कई स्थानों पर अवैध अतिक्रमण की शिकायतें मिली हैं। सरकार और प्रशासन का लक्ष्य है कि इन क्षेत्रों को जल्द से जल्द अतिक्रमण मुक्त बनाया जाए। शहर को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए यह ड्राइव बहुत जरूरी है। जो लोग पार्किंग स्थल या सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा किए बैठे हैं, अब उनका सफाया किया जाएगा। हम इन जगहों पर खुदाई कराकर यह सुनिश्चित करेंगे कि भविष्य में फिर से अवैध कब्जा न हो सके।
उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने बताया कि इस कार्रवाई के लिए पूरी फोर्स तैयार है। जेसीबी मशीनें और क्रेन जल्द ही मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को हटाने का कार्य शुरू करेंगी। जो भी सामान या कंटेनर अवैध रूप से रखे गए हैं, उन्हें जप्त किया जाएगा और सील किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि, यह ड्राइव तब तक जारी रहेगी जब तक शहर से हर एक अवैध झुग्गी और अतिक्रमण का सफाया नहीं हो जाता। हमारा उद्देश्य किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि सभी के हित में शहर को बेहतर बनाना है।
उपायुक्त ने एचएसवीपी और एचएसआईडीसी के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। विदित रहे कि प्रशासन का यह अभियान पानीपत को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। बैठक में एसडीएम मनदीप सिंह, एजीएम गुलशन, एचआईडीसीईओ कुश, स्टेट ऑफिसर सतनारायण कुहाड़, जिला न्यायवादी राजेश चौधरी सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments