गोदाम में चोरी करने वाले गिरोह के चौथे आरोपी को भिवानी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर की पूछताछ
BOL PANIPAT : 07 नवंबर 2025, सनौली रोड स्थित गुप्ता ब्रदर्स फैक्टरी के गोदाम से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी करने वाले गिरोह के चौथे आरोपी को थाना चांदनी बाग पुलिस वीरवार को भिवानी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। आरोपी नवीन निवासी रामराय जीन्द चोरी के अन्य मामले में भिवानी जेल में बंद था।
थाना चांदनी बाग प्रभारी सब इंस्पेक्टर गौरव ने बताया कि आरोपी को वीरवार को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने तीन साथी आरोपियों करनाल के पधाना गांव निवासी संजय व जीन्द निवासी मीना व मीना उर्फ लंगड़ी के साथ मिलकर चोरी की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पूछताछ में आरोपी ने बताया उसने अपने हिस्से में आए चोरी के वाई फाई बॉक्स को 1500 रूपए में बेचकर कुछ पैसे खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बचे 900 रूपए बरामद कर रिमांड अवधि पूरी होने पर शुक्रवार को आरोपी नवीन को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
यह है मामला
थाना चांदनी बाग में सुताना गांव निवासी दीपक पुत्र सतीश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह सनौली रोड पर स्थित गुप्ता ब्रदर्स फैक्टरी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। फैक्टरी में रूई वेस्ट का गोदाम है। 21 सितंबर 2024 को वह गोदाम पर ताला लगाकर घर गया था। 23 अक्तूबर को सुबह फैक्टरी आया तो बड़ा गेट खुला मिला। अंदर जाकर सामान चेक करने पर गैस सिलेंडर, एलईडी, फ्रिज, वाई फाई बॉक्स व कूलर नहीं मिला। अज्ञात चोर उक्त सामान चोरी कर ले गए। थाना चांदनी बाग में दीपक की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments