अवैध शराब सहित अलग अलग स्थान से 2 आरोपी गिरफ्तार. 76 बोतल अवैध शराब बरामद.
BOL PANIPAT : 20 फरवरी 2024, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब व मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगा आरोपियों की धरपकड़ के लिए स्पेशल अभियान चलाया हुआ है। अभियान के तहत जिला पुलिस की टीमों ने सोमवार को अलग अलग स्थान पर दबिश देकर अवैध शराब सहित 2 युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 76 बोतल अवैध देसी शराब बरामद की गई।
उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय धर्मबीर खर्ब ने बताया कि थाना चांदनी बाग पुलिस की टीम सोमवार को गश्त व जांच पड़ताल के दौरान सेक्टर 25 में कृष्णा गार्डन के पास मौजूद थी। तभी टीम को गुप्त सूचना मिली की कृष्णा गार्डन कॉलोनी में शर्मा क्लीनिक के सामने दुकान के बाहर एक युवक अवैध रूप से शराब बेच रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर अवैध रूप से शराब बेच रहे युवक को काबू कर कब्जे से 23 बोतल, 24 अध्धे व 100 पव्वे अवैध देसी शराब बरामद की। पकड़े गए आरोपी की पहचान लक्की पुत्र हरिमाधव निवासी जीन्द के रूप में हुई।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार थाना तहसील कैंप पुलिस की टीम ने मोहित नगर नूरवाला में दुकान के बाहर अवैध रूप से शराब बेच रहे आरोपी मुकेश पुत्र सोमदत निवासी दीनानाथ कॉलोनी हाल वधावाराम कॉलोनी को 10 अध्धे व 44 पव्वे अवैध देसी शराब सहित गिरफ्तार किया।
आरोपियों के खिलाफ पुलिस द्वारा संबंधित थाना में एक्साइज एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई।
उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय धर्मबीर खर्ब ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। अवैध शराब व मादक पदार्थ की तस्करी, जूआ सट्टा खाइवाली सहित अन्य गैर कानूनी गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों पर जिला पुलिस की विभिन्न टीमें विशेष नजर बनाए हुए है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि ऐसी गैर कानूनी गतिविधियों करने वाले आरोपियों की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी और असामाजिक तत्वों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Comments