एसडीएम मनदीप बोले जनता की हर समस्या हमारा संकल्प.समाधान हमारी प्राथमिकता.
-डीएसपी राजबीर का सख्त निर्देश-पुलिस संबंधी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई हो
-जनता समाधान शिविर में उमड़ी भीड़, 60 शिकायतों का मौके पर निपटारा
-समाधान शिविर में जन समस्याओं को मिली नई गति, प्रशासन ने दी त्वरित राहत
BOL PANIPAT , 24 नवंबर। जिला सचिवालय सभागार में उपायुक्त डॉ वीरेन्द्र कुमार दहिया के मार्ग दर्शन में लगाए जा रहे जनता समाधान शिविर में सोमवार को बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी विभिन्न शिकायतें दर्ज कराईं। शिविर की अध्यक्षता कर रहे एसडीएम मनदीप कुमार ने मौके पर कहा कि शिविर का उद्देश्य जनता तक प्रशासन की सुविधाएं सीधे और त्वरित रूप से पहुंचाना है। कुल मिलाकर 60 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से कई का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।
एसडीएम ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, प्रशासन का दायित्व है कि हर नागरिक की बात सुनी जाए और समाधान में देरी न हो। इस तरह के शिविर जनता को राहत देने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं, और हमारा प्रयास है कि किसी भी व्यक्ति को इधर-उधर के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने फैमिली आईडी, पेंशन तथा पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने के आदेश भी दिए।
शिविर में पहुंचे डीएसपी राजबीर ने पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि पुलिस से संबंधित हर शिकायत पर तुरंत और पारदर्शी कार्रवाई हो। जनता को सुरक्षा और न्याय देना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उनके निर्देश पर कई मामलों में तत्काल कार्रवाई भी शुरू कर दी गई।
शिविर में विभिन्न प्रकार की समस्याएं सामने आईं। प्रार्थी कौशल अली ने हाली कॉलोनी, वार्ड 14 में अवैध कब्जा हटवाने की गुहार लगाई। प्रार्थी पंकज ने बताया कि उनके प्लांट के पास खाली पड़ी जमीन से जीव-जंतु घरों तक पहुंचकर खतरा पैदा करते हैं, जिस पर प्रशासन ने समाधान का आश्वासन दिया। रमेश कुमार ने चौक और खंभों पर मरकरी लाइट लगाने की मांग रखी। बाला देवी ने विधवा पेंशन के लिए आवेदन किया तो वहीं जीतराम ने अपनी बहू को जच्चा-बच्चा योजना का लाभ दिलवाने की मांग की।
इसके अलावा बाल सिंह ने मकान मरम्मत में सहायता मांगी, जबकि यशपाल ने एक महिला पर गलत तरीके से पेंशन लेने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। प्रार्थी संदीप वासी नूरवाला, ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलवाने का अनुरोध किया। शिविर में जिन विभागों से जुड़ी शिकायत दर्ज हुई उन विभागों के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच और समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।
शिविर में डीएचओ शार्दुल शंकर, डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता करण बहल, सीडीओ सूबे सिंह, कोच सुषमा, पुलिस कंप्लेंट अधिकारी महेश त्यागी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Comments