Friday, June 12, 2026
Newspaper and Magzine


पिस्टल से जानलेवा हमला करने मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at December 16, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 16 दिसंबर : सीआईए थ्री पुलिस टीम ने गांव इसराना में 20 नवंबर की रात युवकों से मारपीट व पिस्टल से जानलेवा हमला करने की वारदात में शामिल फरार तीसरे आरोपी को सोमवार देर शाम को डाहर गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान इसराना निवासी हितेश के रूप में हुई है।

सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने दो साथी आरोपियों इसराना निवासी नवीन व अरमान के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पुलिस ने मंगलवार को पूछताछ के बाद आरोपी हितेश को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी अरमान व नवीन के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल बरामद कर दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा चुका है। वारदात में शामिल फरार अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह है मामला:
इसराना थाना में गांव इसराना निवासी सन्नी पुत्र कृष्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 20 नवंबर को वह इसराना से पानीपत जा रहा था। अनाज मंडी के पास पहुंचा तो गांव निवासी हितेश पुत्र रोहतास ने अपने साथी आर्य उर्फ सन्नी व नवीन के साथ मिलकर उसको रोककर हाथापाई की और जान से मारने की धमकी दी।
बाद में आर्य उर्फ सन्नी ने समझौते लिए उसको अपनी बैठक में बुलाया। वह बांध गांव निवासी अपने दोस्त अभय को साथ लेकर बैठक के पास गया। बैठक में नवीन, अरमान, हितेश, आर्य उर्फ सन्नी व योगेश बैठे थे जिनके पास तेजधार हथियार व पिस्टल थी। आरोपियों ने उन दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। पास से गुजर रहे साहिल पुत्र देवेंद्र ने उन्हें छुड़ाने की कोशिश की तो आरोपी नवीन ने साहिल को गोली मार दी। अभय के सिर पर तेजधार हथियार से वार किया और उसको गुम चोट मारी। पार्क अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। थाना इसराना में सन्नी की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments