Saturday, April 18, 2026
Newspaper and Magzine


फायरिंग व पर्ची फेंककर रंगदारी मांगने की वारदात में आरोपियों को हथियार सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at January 9, 2026 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT , 09 जनवरी: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में पानीपत सीआईए थ्री पुलिस की टीम ने देसराज कॉलोनी में डीआरएम स्कूल के पास ऑफिस के बाहर फायरिंग व पर्ची फेंक कर 10 लाख रुपए की रंगदारी  मांगने के आरोपियों को हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान यूपी के अमरोहा जिले के कुरैशी मोहल्ला निवासी साहिल उर्फ नेता के रूप में हुई है।

सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि उनकी टीम ने फायरिंग करने की उक्त वारदात का पर्दाफाश कर बुधवार को रोहतक के बसाना गांव निवासी आरोपी सोहन उर्फ सोनू को सिवाह बस अड्डे के पास अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी सोहन के पास से दो देसी पिस्तौल व दो जिंदा राउंड बरामद किए थे। पूछताछ में आरोपी ने कनाडा गए देसराज कॉलोनी निवासी दीपक के कहने पर अपने एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा था। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया था वारदात को अंजाम देने के लिए दीपक ने उसको 60 हजार रुपए देने का प्रलोभन दिया था। और वारदात में प्रयुक्त हथियार भी दीपक ने उपलब्ध कराए थे। दीपक के कहने पर वह यूपी के अमरोहा निवासी साहिल से 3 देसी पिस्तौल व 4 रौंद लेकर आया था।
दीपक ने उनको बताया था कि कॉलोनी निवासी इंद्रजीत के साथ उसका जमीनी विवाद है। दीपक ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर बातचीत कर उनसे दबदबा बनाने के लिए इंद्रजीत के ऑफिस के बाहर फायरिंग करवाई थी।

प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पुलिस टीम ने हथियार सप्लायर आरोपी साहिल उर्फ नेता को वीरवार देर शाम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी साहिल ने हथियार सप्लाई करना स्वीकारा। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया उसकी देसराज कॉलोनी निवासी दीपक से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। कुछ महीने पहले दीपक ने उसको देसी पिस्तौल व रौंद दिलाने की बात कहते हुए इसके लिए अच्छे पैसे देने का प्रलोभन दिया था। दिसंबर माह में दीपक ने सोहन को उसके पास हथियार लेने के लिए अमरोहा भेजा था। दीपक ने उसके खाते में 6 हजार रुपए डाल दिए और उसने सोहन को 3 देसी पिस्तौल व 4 जिंदा रौंद खरीदकर लाकर दिए थे।
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी साहिल को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से असलहा सप्लायर के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।  

यह है मामला : 

थाना तहसील कैंप में देसराज कॉलोनी निवासी इंद्रजीत उर्फ सोहना पुत्र बलविंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था की 31 दिसंबर को वह बधावा राम कॉलोनी स्थित अपने ऑफिस में था।  सायं करीब 4रू45 बजे भाई हीरे ने उसके पास फोन कर बताया कि देसराज कॉलोनी के राज नगर में डीआरएम स्कूल के पास स्थित उनके ऑफिस पर किसी ने गोली चलाई है। सूचना पाकर ऑफिस पहुंचा और ताला खोलकर देखा एक कागज पड़ा मिला। पत्र के माध्यम से 10 लाख रूपए की रंगदारी मांगी गई है। इसमें अपने आप को नीरज बवाना गैंग के सदस्य होना बताया है। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर दो लड़के दफ्तर के पास खड़े होकर गोलियां चलाते हुए दिखाई दे रहे है। थाना तहसील कैंप में इंद्रजीत उर्फ सोहना की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments